Women’s Premier League : दिल्ली से मिली हार को भूला पहली जीत चाहेगी बेंगलुरु, मुंबई की दूसरी जीत पर नजर

मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 143 रन के बड़े अंतर से हराया था

Women's Premier League
Women's Premier League

मुंबई । विमेंस प्रीमियर लीग का चौथा मुकाबला आज मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। यह मैच शाम 7ः30 बजे से मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में होगा। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में उतरी मुंबई इंडियंस ने अपना पहला मैच गुजरात के खिलाफ जीता था। वहीं, स्मृति मंधाना की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार से शुरुआत करनी पड़ी।

ऑलराउंड प्रदर्शन किया है मुंबई ने

मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 143 रन के बड़े अंतर से हराया था। शनिवार को मिली इस जीत में लेफ्ट आर्म स्पिनर साइका इशाक और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। इशाक ने 3.1 ओवर में 4 विकेट चटकाए, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने लीग की पहली फिफ्टी जमाई। उन्होंने 216.66 के स्ट्राइक रेट से 14 चौकों की मदद से 65 रनों की आतिशी पारी खेली थी। मुंबई की टीम काफी संतुलित है। सभी विदेशी प्लेयर्स वर्ल्ड क्लास हैं। अमीलिया केर, नेटली सीवर और हीथर ग्राहम किसी भी गेम को चेंज कर सकती हैं। ऑलराउंडर्स में भारत की पूजा वस्त्राकर बेहतरीन हैं।

आरसीबी को पहली जीत की तलाश

रविवार को दिल्ली के खिलाफ हुए पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 60 रन से हार मिली। बेंगलुरु की गेंदबाजी निराशाजनक रही। दिल्ली ने 20 ओवर में 2 ही विकेट खोकर 223 रन बना दिए। जवाब में बेंगलुरु 20 ओवर में 8 विकेट पर 163 रन ही बना सकी।

टीम ने न ही समय पर विकेट लिए और न ही पर्याप्त रन बना सकी। 224 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी बेंगलुरु के लिए स्मृति मंधाना, हीथर नाइट, मीगन शट और एलिस पेरी के अलावा कोई भी बैटर कुछ खास नहीं कर सकीं। कप्तान स्मृति मंधाना ने सबसे ज्यादा (35) रन बनाए। टीम में वैसे तो कई बड़े नाम हैं, लेकिन उन्हें बड़े मैच भी परफॉर्म भी करना होगा।

पिच रिपोर्ट

डब्ल्यूपीएल 2023 के दोनों वेन्यू की पिच हाई स्कोरिंग है। ब्रबोर्न स्टेडियम में हुए पहले दो मैचों में पहली पारी में बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। दोनों ही मैच में पहली इनिंग का स्कोर 200 से अधिक का गया है। पहली पारी में बल्लेबाजों को फायदा मिला है। टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी कर बोर्ड पर बड़ा स्कोर लगाना पसंद करेगी।

दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग इलेवन…

मुंबई इंडियंस : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नैटली सीवर ब्रंट, हेली मैथ्यूज, पूजा वस्त्राकर, इजाबेल वॉन्ग, हुमायरा काजी, अमीलिया केर, अमनजोत कौर, जींतिमनी कलिता और साइका इशाक।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : स्मृति मंधाना (कप्तान), सोफी डिवाइन, दिशा कसत, एलिस पेरी, हीथर नाइट, रिचा घोष, कनिका आहूजा, आशा शोभना, प्रीति बोस, मीगन शट और रेणुका सिंह।