क्वालालंपुर। मलेशिया में पिछले चार दिनों से हो रही भारी बारिश से बाढ़ की स्थिति बन गई है। इसके चलते यहां 36 हजार से अधिक लोगा बेघर हो गए हैं। देश के 15 राज्यों और 8 संघीय क्षेत्रों में बाढ़ का पानी खतरनाक स्तर चला गया है, नदी, नालों में उफान आ रहा है जिससे हालात बिगड़ गए हैं।

कई राज्यों में सड़कों और पार्किंग में खड़ी कारें पानी में डूबी दिखाई दे रही हैं। देश के कम से कम 15 हाईवे पर आवागमन अस्त व्यस्त हो गया है। जरूरी खाद्य सामग्री और दवाईयों की सप्लाई बाधित हो गई है। देश की राजधानी क्वालालंपुर के नजदीक वाला राज्य सेलांगोर बाढ़ से अधिक प्रभावित है। यह राज्य देश का सबसे संपन्न राज्य है।

बताया जा रहा है कि यहां से कम से कम दस हजार लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। वहीं बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए पुलिस और सेना के साथ ही दमकल विभाग के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। गोता खोर भी बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने में लगे हुए हैं।

बंदरगाह पोर्ट क्लैंग में काम ठप्प

बताया जा रहा है कि मलेशिया में यह बाढ़ पिछले हफ्ते पिलीपींस में आए तूफान के कारण आई है। इस कारण देश का बंदरगाह पोर्ट क्लैंग अधिक प्रभावित हुआ है। बाढ़ के चलते यहां से यातायात बिलकुल रोक दिया गया है।