नई दिल्ली। एशिया महाद्वीप में चीन अपनी चालबाजियों से बाज आता नहीं दिख रहा है। भारत के साथ सीमा विवाद के मामले तो सामने आते ही रहते ही हैं। इसी बीच ड्रैगन पड़ोसी देश भूटान की सीमा में भी घुसपैठ कर चुका है। एक रिपोर्ट के अनुसार, चीन ने अपने बॉर्डर से लगे भूटान में करीब 25 हजार एकड़ क्षेत्र पर अवैध कब्जा कर लिया है। इतना ही नहीं चीन ने यहां 4 गांव भी बसा लिए हैं।

एक वैश्विक शोधकर्ता ने चीनी सैन्य विकास पर सैटेलाइट तस्वीरों के जरिए ये नया खुलासा किया है। इन तस्वीरों में साफ तौर पर चीनी गांव देखे जा सकते हैं। भूटान और चीन के बीच इस जमीन को लेकर पुराना विवाद है। दोनों देशों का दावा है कि ये जमीन उनकी है।

एक शोधकर्ता ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘डोकलाम के पास भूटान और चीन के बीच विवादित जमीन पर 2020-21 के बीच निर्माण गतिविधियां देखी जा सकती हैं। चीन ने लगभग 100 किमी स्क्वायर क्षेत्र में कई नए गांव फैल गए हैं। क्या यह एक नए समझौते या चीन के क्षेत्रीय दावों को लागू करने का हिस्सा है?’

डोकलाम से सटा हुआ है यह हिस्सा
सबसे अधिक चिंता की बात तो ये है कि भारतीय क्षेत्र डोकलाम के बिलकुल नजदीक है, जहां पहले दोनों देशों की सेना आमने-सामने आ चुकीं हैं भारत के लिए रणनीतिक रूप से यह क्षेत्र बहुत मायने रखता है। भारत और भूटान की सेनाएं इस क्षेत्र में आपसी सहमति से सैन्य इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने को लेकर काम कर रही हैं। ऐसे में ड्रेगन की यह चालबाजी दोनों देशों के लिए चिंता का सबसे बड़ा कारण बन सकती है।

अगले साल से नए सीमा कानून लागू करेगा चीन
चीन ने हाल ही में अपनी सीमाई सुरक्षा और अखंडता के लिए नया सीमा कानून बनाया है। सूत्रों के अनुसार चीनी नेशनल कांग्रेस में 23 अक्टूबर को इस कानून को मंजूरी दी गई थी और 1 जनवरी 2022 से इन्हें लागू होना है।

इसके तहत चीन भारत सहित 14 देशों के साथ लगती अपनी भौगोलिक सीमाओं पर अपनी गश्त को बढ़ा सकेगा या सीमाओं पर स्थित व्यापार नाकों को एकतरफा बंद भी कर सकेगा। ड्रेगन की ये चाल ऐसे समय पर सामने आई है जब भारत-चीन में सीमा विवाद को लेकर सैन्य और असैन्य दोनों ही स्तरों पर वार्ताएं हो रहीं हैं।