जिनेवा। ओमिकॉन वायरस के कारण कई देशों ने अपनी सीमाओं पर सख्ती बढ़ा दी है। साथ ही दूसरे देशों से आने वाले लोगों पर सख्त नियम भी लागू कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक इजराइल, जापान और मोरक्को ने अपनी सीमाएं पूरी तरह बंद कर दी हैं। इतना ही नहीं ट्रेवल वीजा पर बैन लगा दिया है।

साथ ही इजराइल ने अगले 14 दिनों के लिए विदेश से रह रहे अपने नागरिकों पर देश में आने पर सख्त पाबंदी लगा दी है। इजराइल के नागरिक जो देश के बाहर हैं, उन्हें लौटने पर 14 दिनों तक क्वारेंटाइन रहना होगा। यह नियम पूरी तरह से वैक्सीनेटेड लोगों पर भी लागू होगा।

जापान ने एक महीने के लिए अपनी बॉर्डर को विदेश से आने वाले लोगों के लिए बंद कर दिया है। इसमें विदेशी छात्र और व्यापारी भी शामिल हैं। मोरक्को ने दूसरे देशों से आने वाली सभी उड़ानों को दो सप्ताह के लिए निरस्त कर दिया है।

अफ्रीकी देशों पर प्रतिबंध लगाने वाले देश
अंगोला ने 5 जनवरी तक बोत्सवाना, इस्वातिनी, लेसोथो, मलावी, मोजाम्बिक, नामीबिया, दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया और जिम्बाब्वे सहित दक्षिणी अफ्रीका के देशों के साथ लगने वाली सीमाएं सील कर दी हैं।

ऑस्ट्रेलिया ने भी अफ्रीकी देशों से दो सप्ताह के लिए अपनी सभी नियमित उड़ानें रोक दीं हैं। ब्राजील ने भी कड़े प्रतिबंध लागू करते हुए अफ्रीकी देशों से आने वाली उड़ानों पर रोक लगा दी है। कंबोडिया ने भी अफ्रीकी महाद्वीप के देशों से आने वाले लोगों पर ट्रैवल बैन लगाया है।

कनाडा ने 12 नवंबर से अफ्रीका महाद्वीप में स्थित देशों और इन देशों की यात्रा करने वाले दूसरे देशों के नागरिकों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इक्वाडोर ने भी इन सभी देशों से आने वाले लोगों पर बैन लगाया है।

मिस्र ने भी प्रतिबंध लगाते हुए सभी सीधी उड़ानें रोक दीं हैं। फिजी में केवल देश के नागरिक ही प्रवेश कर सकेंगे, दूसरे देश के ट्रैवलर्स की एंट्री पर पाबंदी रहेगी। फ्रांस और जर्मनी ने भी अफ्रीकी महाद्वीप स्थित देशों के साथ सभी उड़ानें निलंबित कर दी हैं।

अफ्रीका में 14 दिन बिता चुके लाेगों पर लगाया प्रतिबंध 
इंडोनेशिया, इटली और मालदीव ने बोत्सवाना, इस्वातिनी, लेसोथो, मोज़ाम्बिक, नामीबिया, नाइजीरिया, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे में पिछले 14 दिनों से रह रहे लोगों के देश में आने पर प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं कुवैत ने अफ्रीकी महाद्वीप के सभी देशों से सीधी उड़ानों को रोक लगा दी है। इसके साथ ही इन देशों की यात्रा करने वाले दूसरे देशों के नागरिकों पर भी कुवैत में एंट्री पर बैन लगा दिया है।

मलेशिया, माल्टा और नीदरलैंड ने भी साउथ अफ्रीका, बोत्सवाना, इस्वातिनी, लेसोथो, मोजाम्बिक, नामीबिया और जिम्बाब्वे से आने वाले लोगों पर पाबंदी लगाई है। हालांकि नीदरलैंड के नागरिकों के लिए देश आने पर किसी तरह का प्रतिबंध लागू नहीं रहेगा।