-देश के सर्वाेच्च खेल पुरस्कार के इस साल के विजेताओं की संख्या पहुंची 12
ओलंपिक में 41 साल देश को ओलंपिक में पदक दिलाने वाले कप्तान मनीप्रीत सिंह भी खेल रत्न बनेंगे। खेल मंत्रालय ने खेल रत्न और पुरस्कारों के नामों को फाइनल कर दिया है। खेल रत्न के लिए पहले ओलंपिक के पदक विजेता नीरज चोपड़ा सहित 11 खिलाड़ियों के नामों की सिफारिश की गई थी। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह 2021 राष्ट्रपति भवन में 13 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।
हॉकी कप्तान मनप्रीत के नाम की सिफारिश पहले अर्जुन पुरस्कार के लिए की गई थी, लेकिन अब वह खेल रत्न पाने वाले खिलाड़ियों की सूची में अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश के साथ दूसरे हॉकी खिलाड़ी के रूप में शामिल हो गए हैं। खेल रत्न पाने वाले अन्य खिलाड़ियों में ओलंपिक चौंपियन नीरज चोपड़ा और ओलंपिक रजत पदक विजेता पहलवान रवि दहिया शामिल हैं। महिला क्रिकेटर मिताली राज को भी खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया है।
अर्जुन पुरस्कार विजेताओं में अधिकतर पैरालंपिक खेलों में रजत पदक विजेता हैं। इनमें क्रिकेटर शिखर धवन भी शामिल हैं। खेल मंत्रालय के अनुसार पुरस्कार विजेताओं को 13 नवंबर, 2021 (शनिवार) को शाम 4ः30 बजे से राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में विशेष रूप से आयोजित समारोह में राष्ट्रपति पुरस्कार प्रदान करेंगे। पिछले साल यह समारोह कोरोना महामारी के कारण ऑनलाइन आयोजित किया गया था।
पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों की सूची
मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार: नीरज चोपड़ा (एथलेटिक्स), रवि कुमार (कुश्ती), लवलीना बोरगोहेन (मुक्केबाजी), पीआर श्रीजेश (हॉकी), अवनि लेखारा (पैरा शूटिंग), सुमित अंतिल (पैरा एथलेटिक्स), प्रमोद भगत (पैरा बैडमिंटन), कृष्णा नागर (पैरा बैडमिंटन), मनीष नरवाल (पैरा शूटिंग), मिताली राज (क्रिकेट), सुनील छेत्री (फुटबाल), मनप्रीत सिंह (हॉकी)।
अर्जुन पुरस्कार: अरपिंदर सिंह (एथलेटिक्स), सिमरनजीत कौर (मुक्केबाजी), शिखर धवन (क्रिकेट), सीए भवानी देवी (तलवारबाजी), मोनिका (हॉकी), वंदना कटारिया (हॉकी), संदीप नरवाल (कबड्डी), हिमानी उत्तम परब (मलखंभ), अभिषेक वर्मा (निशानेबाजी), अंकिता रैना (टेनिस), दीपक पूनिया (कुश्ती), दिलप्रीत सिंह (हॉकी), हरमनप्रीत सिंह (हॉकी), रूपिंदर पाल सिंह (हॉकी), सुरेंद्र कुमार (हॉकी), अमित रोहिदास (हॉकी)), बीरेंद्र लाकड़ा (हॉकी), सुमित (हॉकी), नीलकांत शर्मा (हॉकी), हार्दिक सिंह (हॉकी), विवेक सागर प्रसाद (हॉकी), गुरजंत सिंह (हॉकी), मनदीप सिंह (हॉकी), शमशेर सिंह (हॉकी), ललित कुमार उपाध्याय (हॉकी), वरुण कुमार (हॉकी), सिमरनजीत सिंह (हॉकी), योगेश कथूनिया (पैरा एथलेटिक्स), निषाद कुमार (पैरा एथलेटिक्स), प्रवीण कुमार (पैरा एथलेटिक्स), सुहाश यतिराज (पैरा बैडमिंटन), सिंहराज अधाना (पैरा निशानेबाजी), भावना पटेल (पैरा टेबल टेनिस), हरविंदर सिंह (पैरा तीरंदाजी) और शरद कुमार (पैरा एथलेटिक्स)।