तिरुवनंतपुरम। आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु और केरल सहित दक्षिण भारत में पिछले करीब एक सप्ताह से बारिश ने कहर ढा रखा है। आंध्रप्रदेश में अब तक बाढ़ और बारिश से 17 लोगों की मौत हो चुकी है, तो वहीं 100 से ज्यादा लोग लापता हैं। शुक्रवार देर रात अनंतपुर जिले के कादिरी कस्बे में एक 3 मंजिला पुरानी इमारत गिर गई। बिल्डिंग के मलबे में दबने से 3 बच्चों सहित एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।
यहां अब भी 4 लोग फंसे हुए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। वहीं, केरल में भारी बारिश के बाद सबरीमाला तीर्थयात्रा पर एक दिन के लिए शनिवार को रोक लगा दी गई है। इससे भगवान अयप्पा के श्रद्धालुओं में निराशा है।
तमिलनाडु में मकान ढहने से 9 की मौत
इस दौरान तमिलनाडु में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां के वेल्लोर शहर में सुबह मकान ढहने से 9 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 4 बच्चे और 4 महिलाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मृतकों के परिवार को 5-5 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। राज्य के कुछ जिलों में पिछले हफ्ते भी भारी बारिश हुई थी। राजधानी चेन्नई की सड़कें भी तालाब बन गई थीं।
तीर्थयात्रा पर न जाने की अपील
पठानमथिट्टा की कलेक्टर दिव्या एस अय्यर ने बताया कि जिले में लगातार बारिश हो रही है। इससे पंबा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। पंबा बांध के अलावा जिले के कक्की-अनाथोड बांध में भी पानी खतरे के निशान से ऊपर है। प्रशासन ने आसपास रहने वाले लोगों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
कलेक्टर दिव्या ने कहा कि भगवान अयप्पा के श्रद्धालुओं से आज तीर्थयात्रा पर न जाने की अपील की गई है। जिन तीर्थयात्रियों ने ऑनलाइन बुकिंग कराई है, उन्हें मौसम ठीक होते ही मौका दिया जाएगा।
हेलिकॉप्टर की मदद से 10 लोगों को बचाया
तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश और पुडुचेरी में भारी बारिश से तबाही मची है। सड़कें और घर पानी में डूबे हैं। रास्ते बह चुके हैं। लोगों को बचाने के लिए एयरफोर्स और बचाव दल ने कई इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन छेड़ रखा है। इसकी सबसे डराने वाली फोटो आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले से आई है। लगातार दो दिन की बारिश से यहां की चित्रावती नदी में बाढ़ आ गई है।
लिहाजा 10 लोग पानी के तेज बहाव में फंस गए। स्थानीय विधायक प्रकाश रेड्डी ने इसकी जानकारी मुख्यमंत्री को दी। इसके बाद नेवी के हेलिकॉप्टर की मदद से इन्हें बचाया गया।
तमिलनाडु के 16 जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने चेन्नई, कुड्डालोर, विल्लुपुरम, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, तिरुवल्लुवर सहित तमिलनाडु के 16 जिलों के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही नजदीकी केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 19 जिलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए हैं।