दिल्ली। देश में कोरोना का संक्रमण फिर से चिंता का विषय बन रहा है। देश के 10 बड़े राज्यों में पिछले 30 दिन के दौरान 2400 छात्र कोरोना संक्रमित हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 1700 छात्र महाराष्ट्र के हैं। संक्रमित होने वाले ज्यादातर स्टूडेंट्स शादी-पार्टियों में या तो खुद शामिल हुए हैं, या उनके परिजन किसी कार्यक्रम से लौटे हैं।
उधर, कर्नाटक के धारवाड़ मेडिकल कॉलेज में भी कोरोना पॉजिटिव छात्रों की संख्या गुरुवार को 182 हो गई है। एक दिन पहले बुधवार को यहां 66 मेडिकल स्टूडेंट संक्रमित पाये गए थे। इसमें खासबात यह है कि सभी दोनो वैक्सीन लगवा चुके थे। कॉलेज के स्वास्थ अधिकारी ने बताया कि यहां कुछ दिनों पहले फ्रेशर्स पार्टी आयोजित की गई थी। उससे ही कोरोना फैला होगा।
महाराष्ट्र में अब भी 600 से 800 केस रोजाना आ रहे
महाराष्ट्र में 4 अक्टूबर से स्कूल खुल चुके हैं। यहां पिछले 1 महीने के अंदर 1.7 हजार से ज्यादा स्टूडेंट कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। रोजाना मामले 600 से 800 के बीच आ रहे हैं।
हिमाचल के कांगड़ा जिले में ही 408 छात्र पॉजिटिव
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पिछले एक महीने के अंदर 408 छात्र कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। संक्रमितों में 50 टीचर भी शामिल हैं। इससे पहले 29 अक्टूबर को राज्य में 65 विद्यार्थियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
उत्तरप्रदेश में एक्टिव केस 100 के करीब
उत्तर प्रदेश में 24 अगस्त से 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ स्कूल खुल चुके हैं। यहां 23 नवंबर को 12 नए संक्रमित मिले थे। इसके बाद एक्टिव केस बढ़कर 104 हो गए हैं। राज्य में अब तक 17.10 लाख लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। 16.87 लाख ठीक हो चुके हैं। रिकवरी रेट 98.7 प्रतिशत है। अभी तक कुल 8.64 करोड़ लोगों की कोरोना जांच कराई हुई है।
मध्यप्रदेश में 85 एक्टिव केस, 1 नवंबर से खुले स्कूल
मध्यप्रदेश में 1 नवंबर से स्कूल खुल गए हैं। 24 नवंबर को इंदौर इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) में 9 डिफेंस ऑफिसर पॉजिटिव आए हैं। इनमें से 7 की उम्र 35 साल से भी कम है। एक सप्ताह पहले मध्यप्रदेश सरकार ने कोरोना के सभी प्रतिबंध खत्म कर दिए हैं। प्रदेश में इस समय 85 के करीब एक्टिव केस हैं।
ओडिशा में 75 छात्र पॉजिटिव मिलने के बाद अलर्ट
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में 23 नवंबर को सरकारी स्कूल की 53 छात्राएं और संबलपुर में मेडिकल कॉलेज के 22 छात्र संक्रमित पाए गए थे। संक्रमित पाईं गयीं लड़कियां कक्षा 8वीं, 9वीं और 10वीं की छात्राएं थीं। इन्होंने हाल ही में वार्षिक समारोह में भाग लिया था।
12 छात्रों के संक्रमित होने के बाद स्कूल बंद
राजस्थान में 20 सितंबर से स्कूल खोल दिए गए। 23 नवंबर को जयपुर के एक स्कूल में 185 बच्चों का कोरोना टेस्ट किया गया था, जिसमें 12 से ज्यादा पॉजिटिव आए हैं। संक्रमण से पिछसे सप्ताह यहां एक बच्चे की मौत हुई है। इससे पहले 16 नवंबर को जयपुर के एक स्कूल में 2 बच्चे पॉजिटिव आए थे। इनके मता-पिता एक शादी में गए थे। उनके लौटने के बाद सभी संक्रमित हो गए।