नई दिल्ली: गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा के लिए बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा ने शानदार गिफ्ट दिया है। नीरज के घर चमचमाती लग्जरी कार आ चुकी है। अपने भाले से गोल्ड पर निशाना लगाकर नीरज चोपड़ा ने बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा को मुरीद बना लिया था।
महिंद्रा ने नीरज चोपड़ा को एक शानदार कार गिफ्ट की है। नीरज ने शनिवार शाम महिंद्रा एक्सयूवी 700 के साथ ट्वीटर पर फोटो पोस्ट करते हुए कहा, आनंद महिंद्रा जी का शुक्रिया। शानदार कस्टमाइजेशन के साथ व्हील्स के नए सेट के लिए धन्यवाद। मैं बहुत जल्द कार को बाहर निकालने के लिए उत्सुक हूं।
Thank you @anandmahindra ji for the new set of wheels with some very special customisation! I'm looking forward to taking the car out for a spin very soon. 🙂 pic.twitter.com/doNwgOPogp
— Neeraj Chopra (@Neeraj_chopra1) October 30, 2021
खास बात ये है कि नीरज चोपड़ा के लिए महिंद्रा XUV700 ने अलग तरह का डिजाइन पेश किया है। यह अपनी तरह का एक संस्करण है। यह विशेष रूप से टोक्यो 2020 में भारत के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता के लिए बनाया गया है। Mahindra XUV700 को 5 और 7 सीटर ऑप्शन के वेरिएंट में पेश किया गया है। इसकी कीमत 12.50 लाख रुपए से शुरू होकर 23 लाख रुपए तक जाती है।
नई XUV700 का ग्लोबल डेब्यू 14 अगस्त को हुआ था। इससे ठीक पहले नीरज चोपड़ा ने 2020 टोक्यो ओलंपिक में भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद महिंद्रा ने नीरज को नई एक्सयूवी 700 का एक विशेष संस्करण उपहार में देने की घोषणा की थी।
कार में नीरज के लिए गोल्डन फ्रंट ग्रिल देखने को मिली है। गोल्ड टोक्यो 2020 ओलंपिक में उनके स्वर्ण पदक का प्रतीक है।
Mahindra XUV700 की डिलीवरी आज से शुरू हो गई है। Mahindra ने एक स्पेशल गोल्ड एडिशन XUV700 भी पेश किया है। टोक्यो पैरालिंपिक में F64 पुरुषों की भाला फेंक में स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल को भी महिंद्रा ने ये शानदार कार गिफ्ट की है। आनंद महिंद्रा ने कहा, सुमित अंतिल हम तुम पर गर्व करते हैं। हमें अपना ‘भाला’ आपके साथ साझा करने का सौभाग्य देने के लिए धन्यवाद!