शुक्रवार को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा मुकाबला
ढाका। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने यहां खेली जा रही है एशियन हॉकी चैंपियनशिप के अपने दूसरे मुकाबले में बुधवार को मेजबान बांग्लादेश को एकतरफा मैच में 9-0 से हराया। भारतीय टीम अंक तालिका में चार अंक लेकर सबसे ऊपर चल रही है। दूसरी ओर बुधवार को जापान और दक्षिण कोरिया के बीच खेला गया मुकाबला 3-3 से ड्रॉ रहा।
Simply Flawless! 🤩
India net 9 goals and sweep past the hosts with ease.
🇮🇳 9-0 🇧🇩 #IndiaKaGame #HeroACT2021 pic.twitter.com/KC7N8bo6TF
— Hockey India (@TheHockeyIndia) December 15, 2021
भारतीय खिलाड़ियों ने बांग्लादेश के खिलाफ शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और नियमित अंतराल पर विरोधी टीम पर गोल दागे। भारत की ओर से सबसे ज्यादा दिलप्रीत सिंह ने तीन गोल किए। दिलप्रीत ने 12वें, 22वें और 45वें मिनट में फील्ड गोल किए। जरमनप्रीत सिंह ने 33वें, 43वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर दो गोल दागे। इसके अलावा ललित उपाध्याय ने 28वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर गोल किया। आकाशदीप सिंह ने 54वें, मंदीप मोर ने 55वें और हरमनप्रीत ने 57वें मिनट में भारत के लिए गोल किए। भारत की ओर से पहले हाफ में तीन और अंतिम हाफ में 6 गोल हुए। वहीं विपक्षी टीम बांग्लादेश पूरे समय एक अदद गोल के लिए तरस गई। इससे पहले 14 दिसंबर को दक्षिण कोरिया से भारत ने अपना पहला मैच 2-2 से ड्रॉ खेला। भारत का अगला मुकाबला शुक्रवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ होगा। इस मैच पर दुनिया भर की नजरें रहेंगी।