अब साल में 7 चाइल्ड केयर लीव, 12 दिन की पीरियड लीव मिलेंगी, पेड मेटरनिटी और पैटरनिटी लीव भी बढायीं
नई दिल्ली। शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी देश की कंपनियों में से एक बायजूस ने अपनी महिला कर्मचारियों के लिए एक नई सुविधा का ऐलान किया है। कंपनी अपनी महिला कर्मचारियों को पीरियड लीव और चाइल्ड केयर लीव देने जा रही है। कंपनी ने अपनी लीव पॉलिसी में यह बदलाव 16 नवंबर से किया है। कंपनी के कर्मचारियों ने इस फैसले का स्वागत किया है।
कंपनी प्रबंधन की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि नई लीव पॉलिसी का उद्देश्य कर्मचारियों की वर्किंग लाइफ को आसान बनाना, उनके काम में फ्लेक्सीविटी बढ़ाना और उन्हें काम का प्रसन्नतापूर्ण माहौल प्रदान करना है। बायजूस की नई चाइल्ड केयर लीव के अनुसार अब कंपनी के ऐसे कर्मचारी जिनके बच्चों की उम्र 12 साल तक की होगी, वे साल में 7 छुट्टियां ले सकेंगे। ये छुट्टियां कई टुकड़ों में ली जा सकेंगी और इसके तहत आधे दिन की छुट्टी का भी आवेदन दिया जा सकेगा।
कंपनी प्रबंधन के अनुसार कंपनी की महिला कर्मचारियों को अब एक कैलेंडर साल में 12 दिन की पीरियड लीव मिला करेगी। कंपनी के अनुसार उसके फैसले का फायदा उसके 12000 से अधिक कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं को मिलेगा। कंपनी की नई लीव पॉलिसी के अनुसार अब 26 हफ्ते की पेड मेटरनिटी लीव के अलावा महिला कर्मचारियों को 13 हफ्ते की पेड लीव दी जाएगी। इसी तरह कंपनी ने अपने पुरुष कर्मचारियों को पिता बनने पर मिलने वाली पैटरनिटी लीव की संख्या भी 7 बड़ा कर 15 दिन कर दी है।
कंपनी प्रबंधन का मानना है कि इन फैसलों से कर्मचारियों को कुछ राहत मिलेगी, जिससे उनके कार्य प्रदर्शन में सुधार आएगा। बायजूस के अनुसार कंपनी अपनी एम्पलाई फ्रेंडली पॉलिसी को लगातार जारी रखेगी।
पिछले साल जोमैटो ने की थी इस पहल की शुरुआत
देश में फूड डिलीवरी करने वाली मशहूर कंपनी जोमैटो ने पिछले साल इसी तरह का निर्णय लेने की शुरुआत की थी। कंपनी ने पिछले साल अगस्त में अपनी महिला कर्मचारियों को दी जाने वाली पीरियड लीव मे बढ़ोतरी करते हुए साल में इनकी संख्या 10 करने का ऐलान किया था। उल्लेखनीय है कि पीरियड लीव जैसे विषयों पर देश में आमतौर पर चर्चा तक नहीं होती है इसलिए जोमैटो और बायजूस का यह कदम सराहनीय हैँ