श्रीनगर। पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में भारी बारिश से जम्मू-कश्मीर की फिजा बदल गई है। यहां लोगों के गर्म कपड़े बाहर आ गए हैं। कुछ स्थानों पर लोग अलाव तापते भी देखे जा रहे हैं। यहां शनिवार को तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो 39 साल बाद अक्टूबर में सबसे कम तापमान था।
मौसम विभाग के मुताबिक 1982 में श्रीनगर में अक्टूबर में अधिकतम तापमान 5.0 दर्ज किया गया था। अब 39 साल बाद शनिवार को अधिकतम तापमान 6.6 दर्ज किया गया है। श्रीनगर में रविवार को न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में शून्य से 0.1 और गुलमर्ग में शून्य से 3.0 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
लद्दाख क्षेत्र में लेह में रात का न्यूनतम तापमान 0.9 और कारगिल में 0.2 रहा। जम्मू शहर में आज न्यूनतम तापमान 16.3, बनिहाल में 4.2, बटोटे में 6.1, कटरा में 12.7 और भद्रवाह में 4.9 दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बारिश के साथ बादल छाए रहने की संभावना है।