प्रदेश का चंबल क्षेत्र मिलावट खोरों का गढ़ बनता जा रहा है। इस क्षेत्र में पहले भी दूध, पनीर, मावा और घी के साथ अन्य खाद्य पदार्थों की मिलावट की जानकारी सामने आती रही है। शुक्रवार को भी भिंड में पुलिस ने मिलावट खोरी की एक करतूत उजागर करते हुए नकली टोमेटो सॉस बनाने की फैक्ट्री को सील किया है।

100 किलो सॉस कर चुके थे तैयार :
छापामार कार्रवाई में पुलिस को नकली टोमेटो सॉस बनाने का का चार क्विंटल कच्चा माल बरामद हुआ है। साथ ही लगभग 100 किलो नकली सॉस के पैकेट मिले हैं। पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट के अफसरों ने सैंपल कलेक्ट कर जांच के लिए भेज दिए हैं। बताया जा रहा है कि सॉस बनाने में जिस तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा था। उसे देखकर पुलिस वालों और फूड डिपार्टमेंट के अफसरों के होश उड़ गए।

ठेले वालों को करते थे सप्लाई 
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में सॉस बनाने के लिए केमिकल कलर, अरारोट का इस्तेमाल हो रहा था। सीएसपी आनंद राय ने बताया कि भिंड के सीता नगर इलाके में स्थित इस फैक्ट्री में नकली टोमेटो सॉस बनाकर चाइनीज फूड रेस्टोरेंट और ठेलों को सप्लाई किया जाता है। पुलिस को लंबे समय से खराब क्वालिटी के टोमेटो सॉस की जानकारी मिल रही थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए रात करीब 11 बजे देहात थाना प्रभारी रामबाबू यादव के साथ छापा मारा गया।

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री झांसी निवासी अतुल जैन की है, जो भिंड निवासी सुरेंद्र बघेल के मकान में चल रही थी। फैक्टरी के पुलिस को धुरंदर सिंह बघेल सॉस बनाते हुए मिला। छापामार कार्रवाई के बाद फूड अफसर रीना बंसल मौके पर पहुंचीं। सॉस की क्वालिटी की जांच के लिए सैम्पलिंग की। जांच के लिए सैम्पल को भोपाल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में चारों तरफ गंदगी थी और बदबू के कारण खड़े होना मुश्किल था। चिकित्सकों की मानें तो लंबे समय तक इस सॉस का उपयोग करने से गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।