नई दिल्ली। पिछले कई हफ्तों से अटकलें लगाईं जा रहीं थीं कि मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह देश से भाग गए हैं, लेकिन अब नए घटनाक्रम में सामने आ रहा है कि वे भागे नहीं हैं। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को परमबीर सिंह के वकील ने यह जानकारी दी। वकील ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि परमबीर सिंह भारत में ही हैं और मुंबई पुलिस से जान का खतरा होने की वजह से वह सामने नहीं आ रहे हैं।

पूर्व पुलिस कमिश्नर के वकील पुनीत बाली ने कोर्ट को बताया कि परमबीर 48 घंटे के भीतर किसी भी सीबीआई अधिकारी या कोर्ट के सामने पेश होने को तैयार हैं। शीर्ष न्यायालय ने परमबीर सिंह की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगाते हुए मामले की अगली सुनवाई 6 दिसंबर के लिए तय की है।

शीर्ष कोर्ट ने जताई हैरानी 
वकील ने कोर्ट को बताया कि परमबीर सिंह से उनकी बात हुई है। हालांकि, वकील की दलील पर सुप्रीम कोर्ट ने हैरानी जताई कि पूर्व पुलिस कमिश्नर ऐसा कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट में अब अगली सुनवाई 6 दिसंबर को होगी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि याचिकाकर्ता जांच में हिस्सा लें। परमबीर सिंह के खिलाफ 6 एफआईआर दर्ज हैं। इन सभी मामलों में फिलहाल कोर्ट ने परमबीर सिंह की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।

गौरतलब है कि मुंबई पुलिस कमिश्नर पद से हटाए जाने के बाद परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के तत्कालीन गृह मंत्री अनिल देशमुख पर कई आरोप लगाए थे। परमबीर सिंह का आरोप था कि देशमुख ने उनसे मुंबई के बियर बार, रेस्तरां और दुकानों से हर महीने 100 करोड़ रुपये की चौथ वसूल किए जाने का आदेश दिया था।

कुछ समय से अंडरग्राउंड हैं पूर्व आईपीएस
परमबीर सिंह ने सुप्रीम कोर्ट से सुरक्षा की गुहार लगाई थी। उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने उनसे उनका ठिकाना पूछा था। कोर्ट ने कहा था कि जब तक हम यह नहीं जान लेते हैं कि आप कहां हो, तब तक सुरक्षा कैंसे देंगे? सुप्रीम कोर्ट ने बीते गुरुवार परमबीर सिंह से अपने ठिकाने का खुलासा करने को भी कहा था। परमबीर सिंह बीते कुछ समय से अंडरग्राउंड हैं। उनका पता ना तो पुलिस के पास है और ना ही कोर्ट के पास और ना ही जांच कर रही एजेंसियों के पास।

मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह को इस साल मई में आखिरी बार अपने कार्यालय में देखा गया था, जिसके बाद वह छुट्टी पर चले गए थे। महाराष्ट्र की पुलिस ने पिछले महीने मुंबई हाईकोर्ट को बताया था कि उनके ठिकाने का पता नहीं चल पा रहा है।

इस पर सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें गिरफ्तारी से राहत दी है। साथ ही उन्हें जांच में शामिल होने का निर्देश दिया है। पूर्व पुलिस कमिश्नर के वकील ने अब कोर्ट को बताया कि परमबीर सिंह देश छोड़कर कहीं नहीं भागे हैं। वह फरार भी नहीं हुए हैं, बल्कि देश में ही हैं। वह सामने इसलिए नहीं आ रहे, क्योंकि राज्य की मुंबई पुलिस से उनकी जान का खतरा है।