लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव काफी करीब आ गया है। प्रदेश में चुनावी चर्चा के साथ रैली और बयानबयाजियां भी शुरू हो गई हैं। इसी के साथ भाजपा ने प्रदेशवासियों को तमाम सौगातें देने के साथ छोटी पार्टियों के बड़े नेताओं के मिलाना भी शुरू कर दिया है। इसी बीच यूपी के पूर्व सीएम और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भी कमर कस ली है। वे मंगलवार को अपने गढ़ मैनपुरी में हुंकार भरने वाले हैं। वे मैनपुरी से एटा तक यात्रा भी निकालेंगे और इस दौरान वहां के जनमत को अपने पक्ष में करने की पुरजोर कोशिश करेंगे।

सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा निकाली जा रही विजय यात्रा का आठवां चरण मैनपुरी से शुरू होगा। मैनपुरी के बाद एटा में भी पूर्व मुख्यमंत्री 21 दिसंबर को ही जनसभा को संबोधित करेंगे।

लंबे समय के बाद सपा के कार्यक्रम में प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव के फोटो सपा नेताओं ने अपने होडिर्ंग में लगाए हैं। प्रसपा के जिलाध्यक्ष बोट सिंह यादव कहते हैं कि अब प्रदेश में सपा की सरकार बनना तय है। सपा में प्रसपा के नेताओं को सम्मान के साथ ही टिकट भी मिलेगी।

गौरतलब हो कि सपा मुखिया अखिलेश यादव का विजय रथ पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे के जरिए गाजीपुर से लखनऊ तक आ चुका है। इसके बाद छठे चरण की यात्रा जौनपुर व सातवें चरण की यात्रा रायबरेली में निकली थी। अब अखिलेश आठवें चरण की यात्रा मैनपुरी से एटा तक निकालेंगे।

इसके बाद अखिलेश 28 दिसंबर को नौवें चरण की विजय यात्रा उन्नाव में निकालेंगे। इसकी शुरूआत 12 अक्टूबर को कानपुर से हुई थी। यह यात्रा कानपुर से हमीरपुर गई थी। इस यात्रा के जरिए अखिलेश कानपुर नगर, कानपुर देहात, जालौन व हमीरपुर जिले को गए थे। एक से तीन दिसंबर को उनकी रथ यात्रा बुंदेलखंड में बांदा से महोबा, ललितपुर व झांसी में निकल चुकी है।