– टी-20 विश्वकप में सुपर 12 के ग्रुप दो में भारत का नेट रेट पाकिस्तान और न्यूजीलैंड से भी ज्यादा

यूएई और ओमान में चल रहा टी-20 विश्व कप अब अपने रोमांच पर पहुंच गया है। सुपर 12 में इंग्लैंड और पाकिस्तान की टीमें अपने-अपने ग्रुप से सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। अब वे दो टीमें कौन सी होंगी जो अंतिम चार में प्रवेश करेंगी। उनका फैसला आज और कल होने वाले मैचों से हो जाएगा।

बात भारत की करें तो उसके अंतिम चार में पहुंचने के लिए सिर्फ अफगानिस्तान ही एकमात्र सहारा है। भारत ने सुपर-12 के अपने चौथे मैच में स्कॉटलैंड को 8 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप-2 में अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। अब सभी भारतीय फैंस की नजरें अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच सात नवंबर को होने वाले मैच पर टिकी होंगी। इसके बाद भारत को अपना आखिरी ग्रुप मुकाबला नामीबिया के खिलाफ आठ नवंबर को खेलना है।

स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच में भारत के लिए सबकुछ अच्छा हुआ। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। इसके बाद स्कॉटलैंड को 85 रन पर समेट दिया। भारत को अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के नेट रन रेट से ऊपर जाने के लिए 43 गेंदों पर मैच जीतने की जरूरत थी, लेकिन रोहित और राहुल की ओपनिंग जोड़ी ने पहले पांच ओवर में 70 रन जोड़े। इसके बाद विराट सूर्यकुमार ने सिर्फ 6.3 ओवर (39 गेंद) में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। यानी भारत ने 81 गेंद रहते दो विकेट के नुकसान पर मुकाबला जीता।

इस जीत के साथ टीम इंडिया का रन रेट +1.619 हो गया है। लगातार दो जीत के साथ टीम इंडिया के चार मैचों के बाद चार अंक हो गए हैं और अंक तालिका में टीम तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। नेट रन रेट के मामले में भारत ने पाकिस्तान, अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड तीनों को पीछे छोड़ दिया है। वहीं, पाकिस्तान चार मैचों में आठ अंक और +1.065 नेट रन रेट के साथ टॉप पर है। न्यूजीलैंड रन रेट के मामले में पीछे है, लेकिन अंक के मामले में भारत से आगे है। कीवी टीम के चार मैचों के बाद छह अंक हैं। उसका नेट रन रेट +1.277 है। वहीं, भारत तीसरे स्थान पर है।

अफगानिस्तान +1.481 के नेट रन रेट और चार अंक के साथ चौथे स्थान पर है। अफगानिस्तान को सात नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच खेलना है। अगर अफगानिस्तान की टीम यह मैच जीतती है तो भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना बढ़ जाएगी। वहीं, 8 नवंबर को भारत ने इन आंकड़ों को ध्यान में रखते हुए नामीबिया के खिलाफ मैच जीता तो सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगा। उस स्थिति में भारत, अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड तीनों के छह अंक होंगे, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के हिसाब से भारत क्वालीफाई कर जाएगा।