भारतीय मूल की कनाडाई राजनीतिक अनीता आनंद कनाडा की नई रक्षामंत्री बनाई गई हैं। रक्षामंत्री हरजीत सिंह सज्जन को जस्टिन ट्रूडो की कैबिनेट से हटाकर अनीता आनंद को यह जिम्मेदारी दी गई है। कनाडा में हाल ही में हुए चुनावों के बाद लिबरल पार्टी ने दुबारा सरकार का गठन किया है। ट्रूडो और अनीता दोनों ही इस पार्टी के सक्रिय सदस्य हैं। अनीता ने रक्षामंत्री की जिम्मेदारी संभालने के बाद मीडिया से कहा कि उनकी पहली जिम्मेदारी कनाडा की सेना को सुरक्षित महसूस कराना है। उलेखनीय कोरोना महामारी के समय कनाडा के लिए वैक्सीन खरीदने और आपूर्ति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी अनीता पर ही थी। सोशल मीडिया पर अनीता आनंद ने प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि कनाडा की आर्मी अपने देश के लोगों की रक्षा के लिए अपनी जान की बाजी लगा रही है। उन्हें सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण में काम करने की जरूरत है।

डॉक्टर माता-पिता की बेटी पेशे से है वकील
54 वर्षीय अनीता के माता पिता पेशे से डॉक्टर हैं, जबकि वो स्वयं पेशे से वकील हैं। अनीता की मां तमिलनाडु जबकि पिता पंजाब के रहने वाले थे, हालांकि उनका जन्म कनाडा में ही हुआ है। वे पहली बार 2019 में कैबिनेट मंत्री बनीं थीं। उन्हें सार्वजनिक सेवाओं का खरीद मंत्री बनाया गया था। अनीता कनाडा का रक्षा मंत्रालय संभालने वाली पहली भारतीय मूल की महिला और देश की दूसरी महिला होंगी। इससे पहले 1990 में किम कैंबल को ये जिम्मेदारी मिली थी।

महिला सशक्तिकरण के लिए श्रेष्ठ कदम बताया :
रक्षा विशेषज्ञ भी अनीता को रक्षामंत्री बनाए जाने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि एक महिला को रक्षामंत्री बनाने से सेना में यौन शोषण के पीड़ितों के बीच अच्छा संदेश जाएगा। सज्जन को अंतरराष्ट्रीय विकास एजेंसी मंत्री बनाया गया है। वे 2015 से अब तक कनाडा के रक्षामंत्री थे। कनाडा के कई सैन्य अधिकारियों पर पिछले कुछ दिनों से महिला सैनिकों के साथ यौन शोषण के आरोप लग रहे हैं। आरोप है कि पूर्व रक्षामंत्री हरजीत सिंह सज्जन इन मसलों को सही ढंग से मैनेज नहीं कर पा रहे थे।