पटना। पूर्व एमपी और कांग्रेस नेता कीर्ति झा आजाद मंगलवार को अपना पाला बदलकर TMC में शामिल हो जाएंगे। दिल्ली के साउथ एवेन्यू में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलवाएंगी। भाजपा से उपेक्षा के चलते कांग्रेस में आए क्रिकेटर कीर्ति आजाद, कुछ समय से कांग्रेस में लगातार उपेक्षित चल रहे थे। इसीलिए आजाद ने अपने लिए टीएमसी में जाने का नया रास्ता चुना है।

1983 की वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रहे हैं आजाद
क्रिकेटर के तौर पर कीर्ति आजाद 1983 की वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रहे हैं। इस टीम ने कपिल देव के नेतृत्व में वेस्टइंडीज को फायनल में हरा कर वर्ल्ड कप जीता था। इसके अलावा कीर्ति आजाद बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भागवत झा आजाद के पुत्र हैं।

आजाद दरभंगा से 2014 में तीसरी बार भाजपा से सांसद चुने गए थे, लेकिन 23 जुलाई 2015 को भाजपा ने निलंबित कर दिया गया था। आजाद ने सीधे तौर पर दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन में तत्कालीन केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। इसके बाद बीजेपी ने यह कदम उठाया था।

बिहार में बन सकते हैं टीएमसी का बड़ा चेहरा
फरवरी 2019 में आजाद ने भाजपा छोड़ कर कांग्रेस का दामन थामा था, लेकिन अपनी लगातार उपेक्षा से नाराज बताए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, आजाद ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी में इसलिए जा रहे हैं क्योंकि राजनीति में कुछ बड़ा करना चाहते हैं। मुख्य रूप से बिहार के रहने वाले आजाद TMC के लिए बिहार के बड़े चेहरे हो सकते हैं। उन्हें राज्यसभा सदस्य बनाया जा सकता है।

टीएमसी के लिए त्रिपुरा और गोवा से ज्यादा प्राथमिकता बिहार पर है। पश्चिम बंगाल से लगा होने की वजह से ममता का पूरा ध्यान यहां होगा। प्रशांत किशोर बिहार में पहले से उनके लिए मौजूद हैं, जो स्थापित नाम हैं। पार्टी का दावा है कि दो महीने में बिहार के कई नेता पार्टी में शामिल होंगे।