अयोध्या। सरयू नदी के किनारे दीपावली ये एक दिन पहले 9 लाख दिए एक साथ जले हैं। 9 लाख दिए जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया है। पांचवें दीपोत्सव (रोशनी का त्योहार) कार्यक्रम के लिए अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 661 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है। इसके साथ ही उनहोंने भव्य राम मंदिर के निर्माण का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया। इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों पर भी हमला बोला।

सीएम आदित्यनाथ ने दावा किया कि जब अयोध्या में राम मंदिर बनेगा, तो यह दुनिया का सबसे अच्छा धार्मिक और आध्यात्मिक शहर होगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या भारत की सांस्कृतिक राजधानी बनेगी। उन्होंने कहा, अब 2023 तक अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण को कोई नहीं रोक सकता।

समाजवादी पार्टी प्रमुख के परिवार पर निशाना साधते हुए आदित्यनाथ ने कहा, 31 साल पहले जो रामभक्तों पर फायरिंग कर रहे थे, वे अब आपकी सत्ता के आगे झुक गए हैं।

उन्होंने कहा, अगर आने वाले समय में कारसेवा आयोजित की जाती है, तो गोलियां नहीं चलाई जाएंगी। भगवान राम और भगवान कृष्ण के भक्तों पर फूलों की वर्षा की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने लोगों को याद दिलाया कि 31 साल पहले 30 अक्टूबर और 2 नवंबर 1990 को जो हुआ, उसे कोई नहीं भूल सकता।

योगी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि कब्रिस्तान से प्यार करने वाले वहां जनता का पैसा खर्च करते थे। जो लोग भारतीय धर्म और संस्कृति से प्यार करते हैं, वे इसके उत्थान के लिए पैसा लगा रहे हैं। पिछली सरकारों में कब्रिस्तान की दीवारों के निर्माण पर पैसा खर्च किया जाता था, आज इसे मंदिरों के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण पर खर्च किया जा रहा है।