– सिंगर मोहित चौहान का लाइव कंसर्ट रहेगा आकर्षण का केंद्र
हिंदुस्तान का दिल मध्य प्रदेश आज अपना 66वां स्थापना दिवस मना रहा है। यह स्थापना दिवस भी पहले की ही तरह यादगार रहे इसको लेकर सरकार ने अच्छी तैयारियां की हैं। सोमवार को मुख्य कार्यक्रम के अवसर पर सिंगर मोहित चौहान लाइव प्रस्तुति देंगे। शाम 6.30 बजे से मध्य प्रदेश उत्सव का लाल परेड मैदान पर भव्य आयोजन किया जाएगा। इस बार यह आयोजन आत्मनिर्भर मप्र की थीम पर मनाया जाएगा। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सीएम मध्यप्रदेश, जनसंपर्क एमपी और कल्चर डिपार्टमेंट के फेसबुक पेज और टि्वटर हैंडल के साथ DD MP चैनल पर किया जाएगा।
मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस की सभी भाइयों-बहनों व भांजे-भांजियों को हार्दिक बधाई।
हमारा प्राणों से प्यारा प्रदेश विकास पथ पर तीव्रतम गति से गतिमान हो, हम सब मिलकर प्रदेश की प्रगति और उन्नति में योगदान दें। आइये, नवनिर्माण में जुट जायें। #MeraMadhyaPradesh
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) November 1, 2021
इस तरह पहुंच सकेंगे कार्यक्रम स्थल पर
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए प्रमुख सचिव संस्कृति और पर्यटन शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि राज्य स्तर पर “मध्यप्रदेश उत्सव” का भव्य आयोजन लाल परेड ग्राउंड पर शाम 6:30 बजे से किया जाएगा। इस बार आत्म-निर्भर मप्र की थीम पर दिल्ली कोरियोग्राफर मैत्री पहाड़ी के निर्देशन में लगभग 275 कलाकार समवेत नृत्य-नाटिका की प्रस्तुति देंगे। यह प्रस्तुति करीब 45 से 50 मिनट की अवधि तक चलेगी। इस दौरान ध्वनि प्रकाश के माध्यम से इस प्रस्तुति को यादगार बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वीवीआईपी व्यक्ति लाल परेड ग्राउंड के ‘सत्कार द्वार’ से अंदर आ सकेंगे। बाहर जाने के लिए भी इसी गेट से व्यवस्था की गई है। वहीं वीआईपी लोगों लिए आने जाने की व्यवस्था कुछ अलग तरह से की गई है। वीआईपी कैटिगिरी के व्यक्ति ‘सत्कार द्वार’ से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे, जबकि जाने के लिए ‘आईटीआई द्वार’ का रुख करना होगा। अन्य लोग ‘विजय द्वार’ से आवाजाही कर सकेंगे।
#मध्यप्रदेश_स्थापना_दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।#MeraMadhyaPradesh #MadhyaPradeshFoundationDay#JansamparkMP pic.twitter.com/yVQb9OdH7V
— Jansampark MP (@JansamparkMP) November 1, 2021
कोविड गाइड लाइन का रखा जाएगा विशेष ध्यान
पूरे कार्यक्रम के दौरान कोविड-19 गाइडलाइन का विशेष ध्यान रखा जाएगा। कोरोना से सुरक्षा के लिए कोविड गाइड लाइन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उप निर्वाचन वाले जिलों को छोड़कर सभी जिला मुख्यालयों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिए जनभागीदारी अभियान पर केंद्रित गायन, वादन, नृत्य, वाद-विवाद प्रतियोगिता, मैराथन दौड़, रैली, प्रभात फेरी आदि आयोजित किए जाएंगे।