मध्यप्रदेश की तीन विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर जैसे जैसे चुनावी नतीजे सामने आ रहे हैं। वैसे वैसे दोनों प्रमुख दलों भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है। अब तक के नतीजों से भाजपा काफी उत्साहित नजर आ रही है और भाजपा के प्रदेश कार्यालय में जश्न शुरू हो गया है। वहीं कांग्रेस इस पूरे चुनाव को सत्ता और बाहुबल से जीता हुआ चुनाव बता रही है। हालांकि सीएम शिवराज सिंह और पूर्व सीएम कमलनाथ ने चुनाव को लेकर कोई आधिकारिक टिप्पणी तो नहीं की है, लेकिन इसी बीच मप्र के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का बयान सामने आया है।

सोशल मीडिया तक ही सीमित है कांग्रेस : मिश्रा
गृहमंत्री ने चुनावी नतीजे भाजपा के पक्ष में आने के बाद कहा है कि कांग्रेस सिर्फ सोशल मीडिया की ही पार्टी है। कमलनाथ से लेकर दिग्विजय सिंह सहित सभी नेता सिर्फ सोशल मीडिया पर ही एक्टिव रहते हैं। कांग्रेस के सभी नेता संवेदना व्यक्त करने से लेकर भाजपा पर आरोप लगाने तक सोशल मीडिया का ही सहारा लेते हैं। कोई भी कांग्रेसी नेता कभी सड़क पर नजर नहीं आता है। यह सभी लोग चुनाव आते ही सोशल मीडिया पर प्रकट हो जाते हैं। चुनाव खत्म होते ही हर जगह से गायब हो जाते हैं। मिश्रा ने इस जीत को पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और लोगों के स्नेह की जीत बताया है।

सत्ता और बाहुबल के उपयोग से जीती भाजपा : पीसी शर्मा
गृहमंत्री के बयान के बाद पूर्व जनसंपर्क मंत्री और कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा का बयान भी सामने आया है। पीसी शर्मा की मानें तो भाजपा ने यूपी से गुंडे बुलाकर सत्ता और बाहुबल का उपयोग कर इस चुनाव को जीता है। उन्होंने कहा कि अभी तक जो भी नतीजे सामने आए हैं, वह संतोषजनक नहीं हैं। लेकिन यह जीत भारतीय जनता पार्टी की नहीं बल्कि सत्ता और बाहुबल का के उपयोग की है।

भाजपा ने यूपी से गुंडों को बुलाकर कर्मचारियों और अधिकारियों को डराया। जिसके कारण जबरन ही भाजपा के पक्ष में माहौल बनाया गया। इन्हीं सब का नतीजा चुनाव में दिख रहा है। जहां लोग भाजपा के बहकावे में नहीं आए, वहां नतीजा उनके उलट है। हम जनता के साथ और उनके विश्वास के साथ चुनावी मैदान में थे। नतीजे जो भी आएं, लेकिन कमलनाथ के साथ पूरी पार्टी और हर कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ खड़ा हुआ है।