सेंचुरियन। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में ऋषभ पंत ने विकेट के पीछे रहते हुए एक कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। विकेटकीपर ऋषभ पंत विकेट के पीछे सबसे तेज 100 शिकार करने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। ऋषभ पंत ने यह उपलब्धि 26 वें टेस्ट मैच में हासिल की है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व कप्तान और विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।  दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी के दौरान ऋषभ पंत ने विकेट के पीछे चार कैच पकड़े। ऋषभ पंत ने डीन एल्गर, तेंबा बावुमा, वियान मल्डर और कगीसो रबाडा के कैच पकड़े।

महेंद्र सिंह धोनी और रिद्धिमान साहा पीछे छूटे

इसके साथ ही ऋषभ पंत विकेटकीपर के रूप में विरोधी टीमों के 100 विकेट भारत के नाम करवाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने यह कारनामा सबसे कम मैचों में किया है। ऋषभ पंत ने 26 टेस्ट मैच खेलने के बाद यह उपलब्धि हासिल की। वही महेंद्र सिंह धोनी और  रिद्धिमान साहा ने 36 टेस्ट मैच खेलने के बाद 100 शिकार किए थे। किरण मोरे ने ऐसा करने के लिए 39 मैच लिए थे। नयन मोंगिया ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 41 मैच लिया था। टेस्ट क्रिकेट में पंत ने कुल 93 कैच लपके हैं, जबकि 8 बल्लेबाजों को स्टंप किया है। इस तरह से उन्होंने टेस्ट में कुल 101 शिकार करने का कमाल कर दिखाया। 90 टेस्ट मैच खेलने वाले धोनी ने करियर में कुल 256 कैच लपके, जबकि 38 बल्लेबाजों को स्टंप आउट किया।