पाकिस्तान की टीम टी-20 विश्वकप के सेमीफाइनल में आस्ट्रेलिया से हारने ने के साथ ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। लेकिन इस टूर्नामेंट में उसके खिलाड़ी मोहम्मद रिजवान ने दो विश्व कीर्तिमान बनाए हैं।
मोहम्मद रिजवान टी-20 के इंतिहास में एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इतना ही नहीं अंतरराष्ट्रीय टी-20 में मोहम्मद रिजवान विश्व के एकमा़त्र ऐसे खिलाड़ी है, जिन्होंने एक कैलेंडर ईयर में एक हजार से अधिक रन बनाए हैं। यह साल एक खिलाड़ी के रूप में मोहम्मद रिजवान के लिए बहुत ही अच्छा जा रहा है।
रिजवान ने इस साल अब तक 23 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें वह 1033 रन बना चुके हैं। एक कैलेंडर ईयर मे ंइतने रन बनाने वाले रिजवान पहले खिलाड़ी हैं। रिजवान ने यह उपलब्धि एक शतक और दस अर्धशतक की मदद से हासिल की है। वहीं दूसरे नंबर पर पाकिस्तान के ही बाबर आजम 23 मैचों में 826 रन बनाकर दूसरे नंबर पर हैं। आजम ने भी यह उपलब्धि इसी साल हासिल की है। तीसरे नंबर पर आयरलैंड के पीआर स्टर्लिंग है। स्टर्लिंग ने 2019 में 20 मैचों में 748 रन बनाए थे।

इस मामले में गेल, आजम और कोहली से भी आगे

मोहम्मद रिजवान अंतरराष्ट्रीय के साथ ही लीग मैचों को भी मिलाकर एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में पहले नंबर पर हैं। रिजवान ने 2021 में अब तक 41 मैचों में 1676 रन बनाए हैं। वे वेस्टइंडीज के क्रिस गेल, पाकिस्तान के बाबर आजम और भारत के विराट कोहली से भी आगे हैं। क्रिस गेल ने 2015 में 36 मैचों में 1665 रन बनाए थे। वह इस समय दूसरे नंबर पर हैं। वहीं पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम 39 मैचों में 2021 में ही अब तक 1627 रन बनाकर तीसरे नंबर पर हैं। भारत के विराट कोहली टी-20 वर्ल्डकप शुरू होने से पहले इस सूची में दूसरे नंबर पर थे, लेकिन वह अब चौथे नंबर पर खिसक गए हैं। विराट ने 2019 के कैलेंडर ईयर में 31 मैचों में 1614 रन बनाए थे।