शिमला, मनाली समेत अनेक पर्यटन स्थलों की रंगत बदली, सैलानियों की आमद बढेगी, स्थानीय कारोबारियों के चेहरे खिले
अटल सुरंग में रोकी गयी वाहनों की आवाजाही
शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार जारी बर्फबारी के चलते पहाडों ने बर्फ की चादर ओढ ली हैं। इस हिमपात के चलते मैदानी इलाकों में ठंड फिर जोर पकडने लगी है। शिमला, मनाली, कु़फरी, नारकांडा, कोठी और जलोडी दर्रा जैसी जगहों पर अब सैलानियों की आमद बढने की उम्मीद है।
इस बर्फबारी से स्थानीय होटल और लाज मालिकों तथा अन्य कारोबारियों के चेहरे पर रौनक आ गयी है, जिनका मानना है की पर्यटकाें की आवाजाही बढने से अब उनका कारोबार भी बढेगा।
लाहौल -स्पीती और कुल्लु की पहाडियों पर लगातार हो रहे हिमपात से कई जगह वाहनों का आवागमन रोका गया है। अटली सुरंग के रास्ते लाहौल -स्पीति के लिए गाडियों का आना जाना पूरी तरह रोकना पडा है। हिमपात के चलते मनाली और केलांग के बीच भी यातायात को पूरी तरह रोक दिया गया है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार इन मार्गों पर वाहनों का संचालन अब सुरक्षित नहीं रह गया है, इसलिए उन्होंने यह कदम उठाया है।
Keylong (Lahul-Spiti) today’s Snowfall…. pic.twitter.com/RhV46RZGru
— Meteorological Centre Shimla (@himachalmausam) December 5, 2021
स्थानीय मौसम कार्यालय के अनुसार बारालचा और शिंकुला में दो फीट तथा रोहतांग पास के आसपास डेढ फीट तक बर्फ गिरी है। किन्नौर और अटल टनल के दोनों छोरों पर भारी बर्फबारी हुई है। मौसम के मिजाज को देखते हुए अधिकारियों ने सोलंगनाला के आगे गाडियों के जाने पर रोक लगा दी है। ताजा बर्फबारी से राज्य के अधिकांश शहरों का तापमान गिर गया है।
राज्य सरकार ने हिमाचल आने वाले पर्यटकों से कहा है कि मौसम के खराब मिजाज को देखते हुए फिलहाल वे ऊंचाई वाले इलाकों और नदी -नालों के आसपास विशेष रूप से सतर्क रहें। लोगों को फिलहाल ट्रैकिंग न करने की सलाह दी गयी है। बर्फबारी के चलते राज्य के कम से कम एक दर्जन मार्गों पर यातायात ठप हो गया है। कई स्थानों पर बारिश भी हुई है।