अमेरिका के टेक्सास में एक संगीत समारोह में अचानक भगदड़ मच गई, जिससे 8 लोगों की मौत हो गई और सैकडों लोग घायल हो गए हैं। ह्यूस्टन फायर चीफ सैमुअल पेना के अनुसार यह घटना शुक्रवार रात करीब नौ बजे हुई। भगदड़ उस वक्त मची जब एस्ट्रोवर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल के दौरान ज्यादातर लोग फ्रंट गेट की ओर भागने लगे, जिससे यह हादसा हुआ। पता चला है कि 17 लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है। इस इवेंट में करीब 50 हजार लोगों भाग ले रहे थे। भगदड़ में गिरकर करीब 300 लोग घायल हुए हैं। घायलों में बड़ी संख्या में महिला और बच्चे शामिल हैं।

एक दूसरे को कुचलकर भागे लोग 
घटना रात करीब 9 बजे की है, जब रैपर ट्रैविस स्कॉट परफॉर्म कर रहे थे। यह फेस्टिवल उन्होंने 2019 में शुरू किया था। शो देखने के लिए करीब 50 हजार लोग जमा हुए थे। शो के दौरान एक बड़ी भीड़ स्टेज की तरफ बढ़ने लगी। इसके चलते कुछ लोग घबरा गए और धक्का-मुक्की करने लगे। कुछ लोगों ने भागना शुरू कर दिया और कुछ लोग वहीं पर बेहोश हो गए। इस वजह से म्यूजिक फेस्टिवल में बड़ी अफरा-तफरी मच गई।

11 लोगों को पड़ गया दिल का दौरा
भगदड़ में मृत लोगों की मृत्यु का कारण पोस्ट मार्टम होने के बाद पता चल पाएगा। 300 लोग घायल हुए, जिसमें से 23 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें से 11 लोगों को दिल का दौरा पड़ा था। ह्यूस्टन पुलिस ने बताया कि वे वीडियो फुटेज देखकर घटना के कारणों का पता लगा रहे हैं।

एंट्री के वक्त के भी भाग रहे थे 
इस फेस्टिवल में एंट्री के समय भी लोग ऐसे ही भाग रहे थे। लोगों ने एंट्री लेने के लिए बैरिकेड तोड़ दिए। इसके बाद सब लोग एक दूसरे को धक्का देते हुए, एक-दूसरे के ऊपर से चढ़कर फेस्टिवल में दाखिल होने लगे। इस दौरान कई लोग जमीन पर नीचे गिरे रहे और दूसरे लोग उनके ऊपर से गुजरते रहे।