कन्नड़ फिल्मों के सुपर स्टार पुनीत राजकुमार का अंतिम संस्कार आज शाम को बेंगलुरू में किया जाएगा। उनका शुक्रवार को निधन हो गया। पुनीत की बेटी वंदिता अमेरिका से आज दोपहर भारत पहुंच गई हैं। वंदिता को दिल्ली से बेंगलुरु तक पहुंचाने के लिए स्टेट अथॉरिटी ने एक स्पेशल विमान की व्यवस्था की है।  पुनीत राजकुमार के निधन से पूरे कर्नाटक में शोक की लहर है। राज्य में सभी थिएटर बंद किए जा चुके हैं। फैंस को काबू में करने के लिए कई इलाकों में धारा 144 लगाई गई है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई भी विक्रम अस्पताल पहुंचे थे।

कर्नाटक में रोक दी गई शराब की बिक्री
एहतियात के तौर पर बेंगलुरु में दो रात के लिए शराब की बिक्री भी रोक दी गई है। कन्नड़ अभिनेता पुनीत राजकुमार के निधन के कारण शनिवार को होने वाला सूर्या की फिल्म जय भीम ज्यूकबॉक्स लॉन्च और आरआरआर झलक रिलीज स्थगित कर दिया गया है। इतना ही नहीं उनके बड़े भाई शिव राजकुमार की फिल्म भजरंगी-2 के शो भी पूरे कर्नाटक में रद्द कर दिए गए हैं।  पुनीत राजकुमार की मौत का गम फैंस झेल नहीं पा रहे हैं।

पुनीत के गम में दो की मौत, एक ने की खुदकुशी 
कर्नाटक के चामराजनगर जिले के हनूर तालुका के मारो गांव में 30 साल के एक शख्स को खबर सुनते ही हार्ट अटैक आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का नाम मुनियप्पा है जो पेशे से एक किसान था। वहीं बेलगावी के शिंदोली गांव में दूसरे फैन की भी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार स्टार के निधन की खबर आने के बाद कर्नाटक के बेलगावी जिले के अथानी के एक युवक ने आत्महत्या कर ली है। गौरतलब है कि सुपरस्टार पुनीत को जिम में वर्कआउट के दौरान दिल का दौरा पड़ा था, जिसके तुरंत बाद उन्हें बेंगलुरु के विक्रम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पुनीत राजकुमार के पार्थिव शरीर को जनता के दर्शन के लिए कांतीरवा स्टेडियम में रखा गया है। उनका अंतिम संस्कार बेंगलुरु में ही राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। पुनीत, डॉ. राजकुमार और पर्वतम्मा की पांच संतानों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी अश्विनी रेवंत और दो बेटियां हैं।