लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टियों की रस्साकस्सी और रोचक होती दिख रही है। यूपी के लखीमपुर खीरी, ललितपुर जैसे किसानों के मामले में कांग्रेस की मौजूदगी दर्ज करने और पीएम मोदी के गढ़ में हल्ला बोलने के बाद अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अब योगी आदित्यनाथ के गढ़ में कांग्रेस के लिए जमीन तलाशेंगी। रविवार को प्रियंका गांधी वाड्रा गोरखपुर में एक रैली को संबोधित करेंगी।

यह प्रतिज्ञा रैली राज्य भर में उत्तर प्रदेश कांग्रेस द्वारा आयोजित की जा रही रैलियों की सीरीज में से एक है। प्रियंका गांधी ने अपने अभियान की शुरूआत 10 अक्टूबर को वाराणसी से एक रैली के साथ की थी, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है। उन्होंने महिलाओं के लिए टिकटों में 40 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा करके उत्तर प्रदेश में राजनीतिक परिदृश्य को एक हद तक बदल दिया है। वह जेंडर पॉलिटिक्स के साथ जातिगत भेदभाव को खत्म करने की योजना बना रही है।