– 24 नवंबर से भुवनेश्वर में शुरू हो रहा है जूनियर हॉकी विश्वकप, भारत का पहला मैच फ्रांस से
मध्यप्रदेश के होशंगाबाद में जन्मे 21 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर को जूनियर हॉकी विश्वकप के लिए हॉकी इंडिया ने भारतीय टीम की कमान सौंपी है। टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे विवेक सागर की अगुआई में टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। वहीं संजय को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।
जूनियर हॉकी विश्वकप 24 नवंबर से भुवनेश्वर में शुरू होगा। भारत का पहला मुकाबला 24 नवंबर को ही फ्रांस के साथ होगा। एफआईएच पुरुष जूनियर विश्व कप में 18 सदस्यीय भारतीय टीम की विवेक सागर की अगुआई में खिताब जीतने के लिए उतरेगी। टूर्नामेंट में दुनियाभर की शीर्ष 16 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत ने 2016 में हुआ पिछला टूर्नामेंट जीता था।
दीनाचंद्र और बॉबी वैकल्पिक खिलाड़ी
दीनाचंद्र सिंह मोइरेंगथेम और बॉबी सिंह धामी को वैकल्पिक खिलाड़ी चुना गया है, जिन्हें 18 सदस्यीय टीम के किसी खिलाड़ी के चोटिल होने या कोविड-19 के कारण टूर्नामेंट से बाहर होने पर ही खेलने की स्वीकृति होगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत 24 नवंबर को फ्रांस के खिलाफ करेगा, जबकि अगले दिन कनाडा से भिड़ेगा। टीम ग्रुप चरण का अपना अंतिम मैच 27 नवंबर को पोलैंड के खिलाफ खेलेगी। नॉकआउट चरण के मैचों का आयोजन एक से पांच दिसंबर के बीच होगा।
ये टीमें खेलेंगी विश्वकप
भारत, बेल्जियम, नीदरलैंड, अर्जेंटीना, जर्मनी, कनाडा, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, पाकिस्तान, कोरिया, मलेशिया, पोलैंड, फ्रांस, चिली, स्पेन और अमेरिका।
कोच बोले -सर्वश्रेष्ठ टीम चुनी
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड ने कहा कि देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए 18 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को चुना गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी ने इस टीम में जगह बनाने का प्रयास करते हुए पिछले 12 से 18 महीने में अपना सब कुछ झोंक दिया था। उन्होंने कहा कि कोविड, पाबंदियों और लॉकडाउन के बीच काफी त्याग किया गया। हमने 20 खिलाड़ियों के समूह को चुना है, जिसमें 18 खिलाड़ियों की टीम और दो वैकल्पिक खिलाड़ी हैं, जो हमारा मानना है कि हमें जूनियर विश्व कप का खिताब बचाने का सर्वश्रेष्ठ मौका देंगे।
यह है भारतीय टीम
विवेक सागर प्रसाद (कप्तान), संजय, शारदानंद तिवारी, प्रशांत चौहान, सुदीप चिरमाको, राहुल कुमार राजभर, मनिंदर सिंह, पवन, विष्णुकांत सिंह, अंकित पाल, उत्तम सिंह, सुनील जोजो, मंजीत , रबीचंद्र सिंह मोइरंगथेम, अभिषेक लाकड़ा, यशदीप सिवाच, गुरमुख सिंह और अरिजीत सिंह हुंदल।