भोपाल के हबीबगंज स्टेशन पर रेल यात्रियों को अब ना सिर्फ वर्ल्ड क्लास सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि मध्यप्रदेश में पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण सभी स्थानों का विवरण भी आसानी से उपलब्ध कराया जाएगा। हबीबगंज स्टेशन के मेन गेट और यात्री प्रतीक्षालय में मध्य प्रदेश की कला-संस्कृति , पुरातत्व और इतिहास की झलक दिखाने वाले चित्र, मुखोटे और आर्ट पीस प्रदर्शित किए जाएंगे।
मध्य प्रदेश शासन के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि स्टेशन के मुख्य गेट एवं प्रतीक्षालय में मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों से संबंधित चित्रों एवं वास्तुकला के नमूनों को प्रदर्शित किया जाएगा, इनमें राजधानी भोपाल और इसके आसपास के स्थलों को प्रमुखता दी जाएगी। श्री शुक्ला ने बताया कि यात्री प्रतीक्षालय में बनाए गए टूरिस्ट इनफॉरमेशन लाउंज में भोजपुर के ऐतिहासिक शिव मंदिर, रांची के प्राचीन स्तूप, भीमबेटका, भोपाल के बिरला मंदिर, वीआईपी रोड एवं विभिन्न संग्रहालयों के चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। इन चित्रों के नीचे इन स्थानों का ब्याैरा भी लिखा होगा। इस से भोपाल आने वाले यात्रियों को मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों के बारे में सभी आवश्यक जानकारियां तुरंत मिल जाएंगी(
मुख्य गेट में प्रवेश करते ही दिखेगी मप्र की लोक कला
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के अंदर दोनों तरफ की दीवारों पर मध्य प्रदेश की लोक कला, चित्रकारी एवं अन्य शिल्प सामग्री का प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां प्रदर्शित किए जाने वाले जनजातीय मुखौटे विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। श्री शुक्ला ने बताया कि हबीबगंज रेलवे स्टेशन के प्रथम तल पर स्थित इस टूरिस्ट इंफॉर्मेशन लाउंज में एक बड़ी एलइडी स्क्रीन लगाई गई है। इस स्क्रीन के जरिए रेल यात्रियों और भोपाल आने वाले सैलानियों को मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों के बारे में विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।उन्होंने बताया कि इस लाउंज में यात्रियों को मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध दर्शनीय स्थलों से संबंधित साहित्य, लीफलेट और ब्रोशर उपलब्ध कराए जाएंगे। शुक्ला ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार के इस प्रयास से मध्य प्रदेश आने वाले पर्यटकों की संख्या में बहुत अधिक इजाफा होगा।