सुबह का पहला मील ब्रेकफास्ट होता है। इसलिए इसे समय पर करने की सलाह दी जाती है। इससे आपके शरीर को ना केवल ऊर्जा मिलती है बल्कि शरीर को कई पोषक तत्व भी मिलते हैं जो कि सेहत के लिए जरूरी होते हैं। वहीं, देखा जाता है कि काम की व्यस्तता और गलत समय पर भोजन करने की आदत के कारण अक्सर लोग नाश्ते को नजरअंदाज कर देते हैं। इसके पीछे की वजह- ऑफिस जाते हुए देर होना, मन ना करना या फिर डाइटिंग करना भी हो सकता है। अगर आप भी किसी वजह से सुबह का नाश्ता स्किप कर रहे हैं तो आपके लिए ये जानना जरूरी है कि ऐसा करना आपकी सेहत पर खराब असर डाल रहा है। जानें सुबह का ब्रेकफास्ट मिस करने से आपके शरीर को क्या नुकसान हो सकता है।
शरीर में हो सकती है पोषक तत्वों की कमी
ब्रेकफास्ट अगर आप रोजाना स्किप कर रहे हैं तो आपके लिए ये जानना जरूरी है कि इससे आपके शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी हो सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि सुबह का मील हमारे दिन का पहला मील होता है। इसे आप रात के खाने के करीब 7 से 8 घंटे बाद लेते हैं। ऐसे में अगर आप नाश्ता स्किप करेंगे तो आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है। अगर आप कुछ हैवी नहीं खाना चाहते तो लाइट खाएं। लेकिन जो भी खाएं वो पोषक तत्वों से भरपूर हो।
माइग्रेन की समस्या
सुबह नाश्ता नहीं करने से माइग्रेन की समस्या भी हो सकती है। एनसीबीआई की वेबसाइट पर प्रकाशित एक शोध के मुताबिक कुछ आहार संबंधी आदतें माइग्रेन और मोटापे के जोखिम का कारण बन सकती हैं, जिनमें सुबह का नाश्ता नहीं करना भी शामिल है । वहीं, एक दूसरे अध्ययन से पता चला है कि नाश्ता या भोजन नहीं करना हाइपोग्लाइसीमिया (रक्त में ग्लूकोज की कमी) का कारण बन सकता है, जो कुछ व्यक्तियों में माइग्रेन को बढ़ा सकता है।
मेटाबॉलिज्म स्लो हो जाता है
अगर आप सुबह का नाश्ता नहीं करते हैं तो ये आपके मेटाबॉलिज्म पर भी नकारात्मक असर डालता है। नाश्ता ना करने से मेटाबॉलिज्म स्लो हो जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि नाश्ता आपके मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है। अगर आप नाश्ता नहीं करेंगे तो वो स्लो होगा। लिहाजा कैलोरी कम बर्न होगी।
बढ़ सकता है वजन
सुबह का नाश्ता ना करने से आपका वजन बढ़ने का भी खतरा बढ़ सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि सुबह का नाश्ता ना करने के बाद जाहिर सी बात है कि दोपहर में आप खाने में ज्यादा खाना खाएंगे। लिहाजा आपका वजन बढ़ सकता है।
इम्यूनिटी होने लगती है कमजोर
सुबह का नाश्ता स्किप करने का मतलब है कि आपकी इम्यूनिटी भी कमजोर हो रही है। रात के खाने के बाद सुबह के नाश्ते के बीच 7 से 8 घंटे की गैपिंग होती है। ऐसे में अगर आपने सुबह का ब्रेकफास्ट भी नहीं किया तो कोशिकाओं को नुकसान पहुंचने लगता है। इसलिए अगर आप इम्यून सेल्स को स्वस्थ रखना चाहते हैं तो रोजाना ब्रेकफास्ट जरूर करें।