– 14 की हालत अब भी गंभीर
बिहार के दो जिलों में बीते दो दिनों में 23 लोगों की मौत जहरीली शराब पीने के कारण हो चुकी है। बताया जा रहा है कि 14 लोगों की हालत अब भी गंभीर है। मृतकों में 13 गोपालगंज के रहने वाले थे। इसी जिले के 7 अन्य लोगों की हालत अब भी गंभीर है, जबकि इनमें से 3 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है।
वहीं बेतिया जिले में भी 10 मौतें हुई हैं। यहां भी 7 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। आशंका है कि इन सभी ने जहरीली शराब पी थी। जिन लोगों की गोपालगंज में शराब पीने से तबियत बिगड़ी थी, उनका मोतिहारी के अस्पताल में इलाज चल रहा है। मरने वाले सभी लोग महम्मदपुर थाने के कुशहर, महम्मदपुर, मंगोलपुर, बुचेया और छपरा के मसरख थाने के रसौली गांव के रहने वाले थे। इन सभी ने मंगलवार को शराब पी थी। इसके बाद इनकी तबीयत बिगड़ना शुरू हो गई थी।
मृतकों के घर पहुंचे खनन मंत्री
गांव वालों ने बताया कि बुधवार शाम तक 8 लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं, गुरुवार सुबह तक मोतिहारी और गोपालगंज के अस्पताल में भर्ती पांच और लोगों की मौत हो गई। इससे मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई। हालांकि, जिला प्रशासन ने गुरुवार सुबह तक मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी की बात नकार दी है। जिन आठ लोगों की पहले मौत हुई थी बुधवार शाम को इन सभी के घर खनन मंत्री जनक राम पहुंचे थे। उन्होंने मृतकों के परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
घटना के बाद प्रशासन ने साधी चुप्पी
बेतिया की घटना में पीड़ितों के परिजन ने बताया कि बुधवार शाम इन लोगों ने गांव में देसी चुल्हाई शराब पी थी। देर रात तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती करवाया। इनमें से 10 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। उधर, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। डीएम कुंदन कुमार ने कहा है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। मेडिकल टीम भेजकर जांच करवाई जा रही है।