रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रख्यात पंथी नर्तक डॉ. राधेश्याम बारले को वर्ष 2021 के लिए पद्मश्री सम्मान के लिए चयनित होने पर सीएम भूपेश बघेल ने फोन कर बधाई और शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री बघेल ने बारले को फोन पर बधाई देते हुए कहा कि डॉ. राधेश्याम बारले पंथी नृत्य के माध्यम से बाबा गुरु घासीदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने अपनी इस कला साधना से छत्तीसगढ़ और देश को गौरवान्वित किया है।
मुख्यमंत्री बघेल ने सूफी गायक और संगीतकार मदन सिंह चौहान को पद्मश्री सम्मान से सम्मानित होने पर फोन कर बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि चौहान ने अपना पूरा जीवन संगीत साधना के लिए समर्पित कर दिया। उनकी इस उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने नई दिल्ली में आयोजित समारोह में मदन सिंह चौहान को पद्मश्री सम्मान से विभूषित किया। चौहान को वर्ष 2020 के लिए कला के क्षेत्र में पद्मश्री सम्मान प्रदान किया गया है।