नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात में दो भारतीयों के मारे जाने की खबर है। अरब देश के एक मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाया गया। यूएई की राजधानी अबू धाबी के मुख्य एयरपोर्ट पर सोमवार को आग लग गई और तीन ईंधन टैकरों में विस्फोट हो गया। इसमें दो भारतीय नागरिकों समेत तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।

अबू धाबी पुलिस ने इसके लिए ड्रोन हमले को जिम्मेदार ठहराया है। हमले की जिम्मेदारी यमन के हूती विद्रोहियों ने ली है। सरकारी डब्ल्यूएएम समाचार एजेंसी ने बताया कि शुरुआती जांच में हमला किसी ड्रोन से किए जाने की बातें सामने आई हैं।

मरने वालों में एक पाकिस्तानी नागरिक और दो भारतीय नागरिक शामिल हैं। छह अन्य घायलों को हल्की से लेकर मध्यम चोटें आई हैं। हूती विद्रोहियों का मुख्य दुश्मन सऊदी अरब को माना जाता है क्योंकि वह इनके खिलाफ लड़ने के लिए खाड़ी देशों के एक गठबंधन का नेतृत्व कर रहा है।