अमृतसर। दुनिया के सबसे धनाड्य और टेस्ला के मालिक एलन मस्क के स्टार लिंक सैटेलाइट ने शुक्रवार शाम को उत्तर भारत में हलचल मचा दी। एलन मस्क की कंपनी स्टार लिंक की तरफ से छोड़ा गया सैटेलाइट शुक्रवार शाम को भारत के ऊपर से गुजरा।
इसकी वजह से स्पेस में रोशनी की लंबी चमकती लकीर दिखाई दी, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। आसमान में तकरीबन 15 मिनट तक दिखाई दिए इस नजारे को लोगों ने अपने मोबाइल से कैमरे में कैद कर लिया।
आसमान में 15 मिनट तक दिखा खूबसूरत नजारा
भारत में कई शहरों के आकाश में शाम तकरीबन 7 बजे रोशनी की लंबी लकीर देखी गई। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि जैसे रोशनी से जगमगाती आतिशबाजी हो रही हो। यह जगमगाती लकीर पंजाब में अमृतसर, पठानकोट एरिया के अलावा जम्मू एरिया में देखी गई।
तकरीबन 15 मिनट तक यह नजारा देखने को मिला। इससे कुछ समय तक लोगों में दहशत की स्थिति पैदा हो गई। सुरक्षा एजेंसियां भी इस लाइन का रहस्य जानने में जुट गई। सूचना है कि भारत के अलावा दुनिया के कई देशों में रोशनी की यह कतार देखने को मिली।
जम्मू पुलिस ने बताया, यह स्टारलिंक सैटेलाइट है
पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे बॉर्डर स्टेट में इस रोशनी की वजह से पैनिक की स्थिति उत्पन्न हुई। वहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लोगों को शांति बनाए रखने के लिए कहा। जम्मू जोन के एडीजी पुलिस मुकेश सिंह ने बताया कि यह स्टार लिंक सैटेलाइट है, जो भारत के ऊपर से गुजरा है। इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है।