नई दिल्ली।  सीनियर टीवी पत्रकार विनोद दुआ का निधन हो गया है। उनकी बेटी मल्लिका दुआ ने इसकी जानकारी दी। रविवार को विनोद दुआ का अंतिम संस्कार होगा। वह 67 साल के थे। दुआ को इस साल की शुरुआत में कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उनकी हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।

दूरदर्शन और एनडीटीवी को दे चुके हैं सेवाएं
दूरदर्शन और एनडीटीवी जैसे समाचार चैनलों के लिए अपनी सेवाएं दे चुके विनोद दुआ हिंदी पत्रकारिता के जाने-माने चेहरे थे। दुआ की पत्नी पद्मावती चिन्ना दुआ का कोविड-19 के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ने के बाद जून में निधन हो गया था।

साल के शुरूआत में हुआ था कोरोना
विनोद दुआ और उनकी पत्नी डॉक्टर पद्मावती को इसी साल अप्रैल में कोरोना की दूसरी लहर में कोविड-19 पॉजिटिव होने के बाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद डॉक्टर पद्मावती का कोरोना के चलते निधन हो गया था। इसके बाद से विनोद दुआ की हालत में भी कोई खास सुधार नहीं आया। उन्हें कई बार हॉस्पिटल में भर्ती कराया जा चुका था।