मुंबई। भ्रष्टाचार के मामलों का कोर्ट में सामना कर रहे महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में अदालत ने उनकी न्यायिक हिरासत को और बढ़ाने का फैसला लिया गया है। देशमुख को इस मामले में पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था।
100 करोड़ रुपये की कथित वसूली के मामले में देशमुख की न्यायिक हिरासत की अवधि 27 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। देशमुख को इस समय मुंबई की ऑर्थर रोड स्थित केंद्रीय जेल में रखा गया है।
अनिल देशमुख के खिलाफ भ्रष्टाचार और पद का दुरुपयोग करने के आरोप मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमबीर सिंह ने लगाए थे। इसके बाद परमबीर सिंह को मुंबई के पुलिस आयुक्त पद से हटा दिया गया था। यह पूरा मामला प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी के मुंबई स्थित आवास एंटीलिया के बाहर विस्फोटक लदी एसयूवी मिलने के बाद सामने आया था।
पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने आरोप लगाया था कि देशमुख ने मुंबई के पुलिस अधिकारियों को महानगर के होटलों, रेस्तरां और बार से 100 करोड़ रुपये महीना वसूली करने को कहा था। हालांकि देशमुख ने इसे सिरे से नकार दिया है।