Nikki Yadav Murder Case : लिव इन नहीं शादी कर साथ रह रहे थे निक्की और साहिल

निक्की से शादी को लेकर साहिल का परिवार था नाखुश

Nikki Yadav Murder Case
Nikki Yadav Murder Case

नई दिल्ली । निक्की यादव मर्डर केस में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। शनिवार को दिल्ली पुलिस ने एक और बड़ा खुलासा किया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बताया कि निक्की और साहिल पहले से शादीशुदा थे। इसका मतलब दोनों के लिव-इन में रहने की बात झूठी थी। क्राइम ब्रांच के अनुसार निक्की और साहिल ने साल 2020 में नोएडा के आर्य समाज के मंदिर में शादी की थी। दोनों की शादी की तस्वीरें भी सामने आई हैं। आरोपी साहिल ने भी निक्की से शादी की बात कबूली है। वहीं निक्की के पिता सुनील ने कहा कि उन्हें बेटी की शादी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

नोएडा के इस मंदिर में हुई निक्की-साहिल की शादी

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के सामने आरोपी साहिल ने यह बात कबूली है कि उसने निक्की से साल 2020 में शादी की थी। दोनों की शादी ग्रेटर नोएडा के डेल्टा-1 स्थित आर्य मंदिर में हुई थी। इस खुलासे के बाद क्राइम ब्रांच ने उस मंदिर के पुजारी से भी पूछताछ की है। वहीं साहिल की वह बात भी झूठी निकली जिसमें कहा जा रहा था कि वह निक्की के साथ लिव-इन में रह रहा था। दोनों की शादी की तस्वीरें भी सामने आ गई हैं।

निक्की से शादी को लेकर साहिल का परिवार था नाखुश

साहिल के परिवार वालों को जब यह पता चला कि उसने निक्की से शादी कर ली है तो वह बेहद खफा थे। शादी के ठीक 2 साल बाद साल 2022 में साहिल के पिता ने साहिल की शादी किसी दूसरी लड़की से फिक्स कर दी थी। पिता ने लड़की वालों को यह बात भी नहीं बताई कि साहिल की शादी निक्की से हो चुकी है। मंदिर के पुजारी ने बताया कि पुलिस को हमने शादी से जुड़े सारे दस्तावेज सौंप दिए हैं। पुलिस ने हमारा बयान लिया था।

पिता सहित पांच लोग गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने आरोपी साहिल के पिता समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बताया कि साहिल के पिता वीरेंद्र को पता था कि उनके बेटे ने निक्की की हत्या कर दी है। पुलिस ने इसी बिनाह पर साहिल के पिता को साजिश में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इसके अलावा बाकी 4 लोगों में साहिल के दोस्त, कजन और भाई गिरफ्तार हुए हैं।

निक्की के पिता ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर संतुष्टि जताई है। निक्की के पिता ने कहा कि हम दिल्ली पुलिस की ओर से हो रही कार्रवाई से संतुष्ट हैं। वहीं निक्की के पिता ने कहा कि उन्हें साहिल और निक्की की शादी की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि हमारा साहिल के परिवार से कोई संपर्क नहीं था।

मोबाइल के डाटा केबल से घोंटा था गला

साहिल ने निक्की यादव को जान से मारने के लिए मोबाइल फोन के डाटा केबल की मदद ली थी। उसने केबल से गला घोंटने के बाद तुरंत अपने दोस्तों को इस बारे में बताया। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि साहिल हत्या के बाद किसी हिल स्टेशन में जाने की प्लानिंग कर रहा था जहां वह निक्की के शव को ठिकाने लगा सके।

सीसीटीवी फुटेज में नजर आई थी निक्की

दिल्ली पुलिस ने निक्की यादव की मर्डर वाली उस तारीख पर भी अहम खुलासे किए हैं। असल में दिल्ली पुलिस को जो सीसीटीवी फुटेज मिला है उसके आधार पर निक्की याद 9 फरवरी को दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के एक किराए के मकान में दाखिल हुई थी। उस दिन वह अकेली थी। पुलिस ने बताया कि उसके कुछ देर बाद ही साहिल ने उसका खून कर दिया था। पुलिस ने बताया कि घर से कुछ ही दूरी पर एक कार में साहिल और निक्की के बीच तीखी बहस और लड़ाई हुई थी। निक्की को पहले यह नहीं पता था कि साहिल किसी दूसरी लड़की से शादी कर रहा है।

निक्की के पिता को नहीं थी शादी की जानकारी

निक्की यादव के पिता को बेटी की शादी की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि हमें शादी की जानकारी नहीं थी और न ही साहिल के परिवार वालों से हमारा कोई संपर्क रहा। हालांकि निक्की के पिता ने दिल्ली पुलिस की इस मामले में जारी कार्रवाई पर संतोष जताया है और कहा है कि दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। दिल्ली पुलिस ने साहिल के पिता समेत 5 लोगों को गिरफ्तार भी किया है।

साहिल के पिता और भाइयों की गिरफ्तारी के बारे में निक्की के पिता सुनील ने इतना ही कहा कि हो सकता है वो भी हत्या की साजिश में शामिल हों। पिता सुनील का कहना है कि दिल्ली पुलिस न उन्हें भी पूछताछ के लिए बुलाया है और दिल्ली पुलिस की पूछताछ में शामिल होने के लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस उनकी पूरी मदद कर रही है और उन्हें उम्मीद है की उन्हें न्याय जरूर मिलेगा।