जयपुर। सालों से चल रहा जयपुर के राजघराने का हजारों करोड़ की संपत्ति का विवाद कोर्ट के बाहर आपसी समझौते से समाप्त गया। लगभग 15 हजार करोड़ की इस संपत्ति का पारिवारिक विवाद बड़ी ही आसानी से सुलझ गया। संपत्ति का यह विवाद राजमाता गायत्री देवी के पोते-पोती और उनके सौतेले बेटे पृथ्वी राज सिंह के बेटे विजीत सिंह और अन्य के बीच चल रहा था।
समझौते में गायत्री देवी के पोते देवराज सिंह और पोती लालित्या कुमारी को जयमहल पैलेस का पूरा मालिकाना हक तथा गायत्री देवी के सौतेले बेटे पृथ्वी सिंह के बेटे विजीत सिंह को रामबाग पैलेस का मालिकाना हक मिलेगा।
गायत्री देवी के निधन के बाद शुरू हुआ था विवाद
2009 में गायत्री देवी के निधन के बाद पूर्व राजपरिवार में संपत्ति को लेकर विवाद शुरू हो गया था। गायत्री देवी के पोते देवराज और पोती लालित्य प्रॉपर्टी पर हक जताते हुए मामले को पहले हाईकोर्ट फिर सुप्रीम कोर्ट ले गए थे। अब दोनों पक्षों के मध्य कोर्ट के बाहर समझौता होने से यह विवाद स्वत: ही समाप्त हो जाएगा।