नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 34 वर्षीय महिला को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तुरंत 2 लोगों को हिरासत में ले लिया है।
महिला ने सोमवार तड़के पश्चिमी दिल्ली में एक अज्ञात कार से लिफ्ट मांगी थी। महिला को सागरपुर से तड़के करीब तीन बजे कार वालों ने उठाया और निहाल विहार छोड़ दिया। कार में सवार दोनों आरोपितों ने पीड़ित महिला को निहाल विहार इलाके में सुनसान जगह पर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 376 डी और 342 के तहत प्राथमिकी दर्ज की और कई सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद शहर के हरि नगर इलाके से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस विभाग के सूत्रों ने बताया कि दोनों आरोपियों में से एक घटना वाले दिन 18 साल का हो गया था और दोनों आरोपी अपना जन्मदिन मना रहे थे। पुलिस ने वारदात में शामिल कार को भी कब्जे में ले लिया है।