लखनऊ। पीलीभीत से भाजपा सांसद और वरिष्ठ नेता वरुण गांधी ने एक बार फिर अपनी सरकार पर निशाना साधा है। वरुण गांधी ने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में लिखा, पहले तो सरकारी नौकरी ही नहीं निकलती। फिर भी कुछ मौका मिले तो पर्चा तक लीक हो जाता है और अगर परीक्षा दे दी तो सालों साल रिजल्ट का इंतजार करना पड़ता है।

वरुण ने लिखा कि रेलवे ग्रुप डी के सवा करोड़ नौजवान लगभग 2 साल से रिजल्ट के इंतजार में बैठे हैं। सेना में भर्ती का भी यही हाल है। इससे पहले भी वरुण गांधी भाजपा नेतृत्व को किसानों के मुद्दे पर कई पत्र भेज चुके हैं।

पूछा- कब होगी आरआरबी ग्रुप डी भर्ती परीक्षा
गांधी ने कहा, आरआरबी ग्रुप डी भर्ती परीक्षा का इंतजार करते-करते करीबन सवा करोड़ उम्मीदवारों का धैर्य अब टूटने लगा है। बुधवार को ही तो सोशल मीडिया पर उम्मीदवारों ने अपने पोस्ट के जरिए प्रदर्शन किया है, जो आरआरबी ग्रुप डी भर्ती परीक्षा का इंतजार कर रहे।

रसूखदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं
इससे पहले भी वरुण गांधी ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे। उत्तर प्रदेश -टीईटी का पेपर लीक होने पर कहा कि छोटी मछलियों पर कार्रवाई से कुछ फायदा नहीं होगा, बल्कि उन राजनैतिक व शिक्षा माफिया पर शिकंजा कसने की आवश्कता है, जिन्होंने बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।

700 किसानों की बच सकती थी जान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा के अगले ही दिन ट्वीट कर वरुण गांधी ने कहा था कि यदि कृषि कानूनों को वापस लेने का फैसला जल्दी और उचत समय पर कर लिया जाता, तो उन 700 किसानों की जान बचाई जा सकती थी, जिन्होंने इस आंदोलन दौरान अपने प्राणों का बलिदान कर दिया।