MP Congress : मध्यप्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अभी से काफी सक्रिय नजर आ रही है। भाजपा सरकार की विफलताओं को लेकर एमपी कांग्रेस भोपाल में बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है, यह प्रदर्शन 13 मार्च को होना है। जिसमें प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता जुटेंगे और पीसीसी चीफ कमलनाथ के नेतृत्व में राजभवन का घेराव करेंगे। इसे लेकर विधायक जीतू पटवारी ने भी एक ट्वीट कर कार्यकर्ताओं से इस प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह किया है।
इस बीच गुरुवार को विधायक जीतू पटवारी ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को एक पत्र भी लिखा है, जिसमें उन्होंने खुद को कार्यकारी अध्यक्ष बताया है। इसको लेकर कांग्रेस संगठन में खींचतान मच गई है।
बड़ा मार्च करने की तैयारी में कांग्रेस
दरअसल, एआईसीसी की ओर से सभी राज्यों को पर्दाफाश रैली के तहत 13 मार्च को राजभवन मार्च करने का निर्देश दिया गया है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस इस दिन बड़ा मार्च करने की तैयारी में है। जानकारी के मुताबिक पीसीसी चीफ कमलनाथ ने सभी विधायकों, जिलाध्यक्षों, ब्लॉक और मंडल अध्यक्षों को भोपाल आने का निर्देश दिया है। ऐसे में माना जा रहा है कि बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इस दिन भोपाल पहुंचेंगे।
करीब एक लाख कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन भोपाल में जुटेंगे
पार्टी अनुमान के मुताबिक इस दिन करीब एक लाख कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन भोपाल में जुटेंगे। यहां उपस्थित कमलनाथ के नेतृत्व में जवाहर चौक से राजभवन की ओर पैदल करेंगे। कांग्रेस के इस प्रदर्शन को लेकर इंटेलिजेंस सतर्क है। माना जा रहा है कि राज्य सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जवाहर चौक पर ही रोकने की कोशिश करेगी। ऐसे में पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में टकराव की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।
भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी कमलनाथ जी के नेतृत्व में राजभवन का घेराव करेगी।
राजभवन घेराव को लेकर पूर्व मंत्री एवं विधायक जीतू पटवारी जी का आह्वान।
"जय कांग्रेस, विजय कांग्रेस"@jitupatwari pic.twitter.com/TRZtThlkTM
— MP Congress (@INCMP) March 9, 2023
यह प्रदर्शन मुख्य रूप से केंद्र सरकार की नीतियों और अडानी गेट कांड को लेकर आयोजित किया जाना है। हालांकि, राज्य में विधानसभा चुनाव होने के कारण यहां कांग्रेस स्थानीय मुद्दों पर फोकस कर रही है। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी वीडियो जारी कर लोगों से भोपाल पहुंचने का आह्वान किया है।
जीतू पटवारी के पत्र से बढ़ी कांग्रेस में हलचल
विधायक जीतू पटवारी ने एक बार भी स्वयं को प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बताया है। जबकि, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने संगठन चुनाव के बाद प्रदेश उपाध्यक्ष और महामंत्री की ही नियुक्ति की है। प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष को लेकर असमंजस की स्थिति है। न तो प्रदेश का संगठन स्थिति स्पष्ट कर पा रहा है और न ही प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश अग्रवाल को केंद्रीय संगठन ने इस संबंध में कोई दिशा निर्देश दिए हैं।
CM शिवराज का बड़ा ऐलान : महिलाकर्मियों को मिलेगी 7 दिन की एक्स्ट्रा छुट्टी
पटवारी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखे पत्र में स्वयं के लिए प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पद का उपयोग किया है। उन्होंने मुख्ममंत्री को ओलावृष्टि से हुए फसलों के नुकसान की जानकारी देते हुए तत्काल सर्वे कराकर किसानों को राहत देने और तीन हजार रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य देने की मांग की है। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता डा.हितेष वाजपेयी ने पटवारी के स्वयं को कार्यकारी अध्यक्ष बताए जाने पर कहा कि पटवारी वाकई में कांग्रेस के अध्यक्ष बनने लायक है, जिन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ को चुनौती दे रखी है। वे पहले ही कह चुके हैं कि मेरी नियुक्ति राहुल गांधी ने की है और मुझे हटाए जाने के कोई निर्देश नहीं मिले हैं। उधर, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने कहा कि केंद्रीय संगठन ही इस बारे में स्थिति स्पष्ट कर सकता है। अभी प्रदेश उपाध्यक्ष और महामंत्री की नियुक्तियां की गई हैं।