Alirajpur District : मध्यप्रदेश के अलीराजपुर में भगोरिया उत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि भगोरिया उत्सव अब राजकीय पर्व और सांस्कृतिक धरोहर के रूप में दर्ज होगा। मुख्यमंत्री चौहान सोमवार दोपहर आलीराजपुर पहुंचे और जोबट तहसील के उदयगढ़ में आदिवासियों के प्रसिद्ध त्यौहार, सांस्कृतिक पर्व ‘भगोरिया उत्सव में शामिल हुए। सीएम चौहान का यह भव्य स्वागत किया गया। सीएम शिवराज आदिवासियों के पारंपरिक परिवेश और वेशभूषा में नजर आए।

इस दौरान सीएम चौहान ने सभी आदिवासी भाईयों को भगोरिया उत्सव की शुभकामनाएं दीं।

भगोरिया को राजकीय पर्व और सांस्कृतिक धरोहर माना जाएगा

इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि, अलीराजपुर जिले के सोंडवा ग्राम के छूटे 106 गांव में पानी लाने के लिए सर्वे कराया जाएगा। जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा भगोरिया जनजातीय परंपरा का अभिन्न अंग और लोक उत्सव है। अब भगोरिया को राजकीय पर्व और सांस्कृतिक धरोहर माना जाएगा। उन्होंने कहा कि, सरकार पर्व का इंतजाम करने में कोई कसर नहीं छोडेगी, ताकि जनता को कोई परेशानी ना हो।

लाड़ली बहनों ने किया सीएम का धन्यवाद

आपको बता दें कि, अलीराजपुर जिले का सांस्कृतिक पर्व भगोरिया का उल्लास इन दिनों अपने चरम पर है। यहां परंपरागत वाद्य यंत्रों के साथ अद्भुत नृत्य और परिधान पहने आदिवासी कलाकारों ने सीएम शिवराज सिंह चौहान का विशेष स्वागत किया। इसके साथ ही सीएम चौहान के जन्मदिन पर प्रदेश में लागू हुई लाड़ली बहना योजना को लेकर अलीराजपुर की महिलाओं ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। भगोरिया उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादकों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।