mp congress : भाजपा सरकार की विफलताओं को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस आज पीसीसी चीफ कमलनाथ के नेतृत्व में राजभवन के घेराव के साथ ही शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है।


इसे लेकर प्रदेशभर से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और कांग्रेस समर्थक राजधानी भोपाल के जवाहर चौक पर एकत्रित हुए हैं। हजारों की संख्या में कार्यकर्ता यहां से निर्धारित रूट से होते हुए राजभवन की ओर कूच करने के लिए तैयार हैं। कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए जवाहर चौक से लेकर रंगमहल चौराहे तक भारी संख्या में पुलिसबल की तैनाती की गई है। करीब 500 पुलिस के जवान रंगमहल चौराहे पर तैनात किए गए हैं। पुलिस कांग्रेस नेताओं को रंगमहल चौराहे पर ही रोकने की तैयारी में है। यहां राज्यपाल के नाम ज्ञापन एडीएम भोपाल को दिलाया जाएगा। रंगमहल चौराहे पर 100 मीटर के अंदर दो बैरिकेड लगाए गए हैं।

भाजपा सरकार में हर वर्ग परेशान : कमलनाथ

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा और आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा की सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने की बात कही। उन्होंने कहा कि, भाजपा सरकार महंगाई और बेरोजगारी को रोकने में नाकाम रही है। केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार में हर वर्ग परेशान है।

जवाहर चौक पर एकत्रित कार्यकर्ताओं और समर्थकों को पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव ने संबोधित किया और आगामी चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने की बात कही। कार्यकर्ताओं को विधायक जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री व विधायक पीसी शर्मा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया।

‘आप’ का राग, 14 को केजरीवाल कार्यकर्ताओं में फूंकेंगे सुर

सरकार के खिलाफ हल्ला बोल

सरकार के खिलाफ हल्ला बोल कर रहे कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा सरकार में जनता महंगाई से परेशान है। सरकार मध्यम वर्ग की ओर ध्यान नहीं दे रही है। शिक्षित युवा बेरोजगार हैं, लेकिन सरकार रोजगार दिलाने की दिशा में कोई कदम नहीं उठा रही है।

यह घेराव और विशाल मार्च इसलिए…

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने कहा कि “केंद्र की भाजपा सरकार ने उद्योगपति गौतम अडाणी के लिए क्रोनी कैपिटलिज्म की नीति अपनाई, जिससे देश में आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। गरीब और मध्यम वर्ग की बचत जोखिम में है। देश में बेहताशा बढ़ती हुई महंगाई, प्रदेश में व्याप्त बेरोजगारी, तनावग्रस्त किसान, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग और महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, रेप, गैंगरेप और उसके बाद उनकी निर्मम हत्याओं, ध्वस्त कानून व्यवस्था, लूट, डकैती सहित भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण आमजन परेशान हैं। इसके विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर यह घेराव और विशाल मार्च आयोजित किया गया है।”