Chief Minister Shivraj Singh Chouhan
Chief Minister Shivraj Singh Chouhan

भोपाल। मुख्यमंत्री निवास में भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा के अंदर और बाहर प्रदेश सरकार के जनकल्याण के कार्यों को प्रमुखता से बताने और हितग्राहियों से सतत संपर्क रखने का निर्णय लिया गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनकल्याण के सभी अस्त्र-शस्त्र हमारे पास हैं। उत्साह के साथ भाजपा विधायक और नेतागण जनता के बीच जाए।

मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से सतत संपर्क ही हमें आगामी विधानसभा में विराट जीत दिला सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें पूरे उत्साह और दमदारी के साथ जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराना है। हाल ही की विकास यात्रा में जो प्रतिसाद हमे मिला वह अभूतपूर्व था। आज जो आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत हुआ है उसने नंबर वन मध्यप्रदेश की इबारत लिख दी है। बैठक को प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने भी संबोधित किया।

विकास दर में देश में सबसे आगे हैं-

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आर्थिक विकास दर में हम देश में सबसे आगे हैं। सकल घरेलू उत्पाद 2001-02 में 71 हजार 594 करोड़, जो बढ़कर 13 लाख 22 हजार करोड़ हो गया है। अब इससे अंदाज लगा सकते हैं, हमारी जीएसडीपी किस गति से आगे बढ़ रही है। प्रति व्यक्ति आय यदि देखें तो 2001-02 में 11 हजार 718 रुपये थी जो 2011-12 में बढ़कर 38 हजार 497 रुपए हुई, 2022-23 1 लाख 40 हजार 500 रुपए हो गई है। प्रति व्यक्ति आय बढऩे का मतलब है लोगों के पास लगातार आय के साधन बढ़ रहे हैं। ऋण और जीएसडीपी का जो अनुपात है, 2005 में यह अनुपात वो 39.5 प्रतिशत था, लेकिन कोरोना महामारी के बावजूद 2020-21 में 22.6 प्रतिशत हो गया है। यह अपने आप में सिद्ध करता है कि जीएसडीपी के अनुपात में ऋण का प्रतिशत लगातार घटा है।

लाड़ली बहना का प्रचार करें-

मुख्यमंत्री ने विधायकों से विकास यात्रा भी पूछी और लगे हाथ मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में सक्रियता के साथ जुटने का आव्हान किया। उन्हांंने कहा कि बूूथ विस्तारक योजना में हमे अपने अपने क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। उन्होंने काह कि हितग्राहियों से व्यापक सम्पर्क हमारी विराट विजय की मार्ग प्रशस्त करेगा।

आगामी 5 मार्च को जंबूरी मैदान में एक बड़ा कार्यक्रम होगा, जिसमें मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना लांज की जाएगी। 23 मार्च को वर्तमान सरकार के 3 वर्ष पूर्ण होने पर उत्सव मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि वे सोशल मीडिया और मैदान में सकारात्मक आक्रमकता के साथ काम करें, जिससे हम गरीब कल्याण और विकास के कामों को जनता के बीच तत्परता के साथ ले जा सके।

विधायक काम में तकनीकी का उपयोग बढ़ाएं-

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ विस्तारक अभियान पार्ट-2 में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि अपने काम में तकनीकी का उपयोग बढ़ाए और रियल टाइम रिपोटिंग सिस्टम विकसित करें। यद्यपि तकनीकी के उपयोग में मध्यप्रदेश का संगठन अन्य राज्यों से बहुत आगे निकल गया है, फिर भी हमें और काम करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि हमें जनता के हित में बेहताशा काम किए है, इसलिए दिल खोलकर जनता के बीच जाना है। उन्होंने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि मध्यप्रदेश का बजट जन जन के कल्याण का बजट होगा और विकास की नई धारा प्रवाहित करने वाला बजट होगा। इसलिए हम सभी बजट को लेकर भी नीचे तक जनता में पहुंचेंगे। उन्होंने विधायकों से बूथ विस्तारक योजना में पूर्ण समन्वय बरतने और लाडली बहना योजना को लेकर पूरी सक्रियता के साथ पात्र हितग्राहियों के फार्म भरवाए।