अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण
अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण

भोपाल। एमपी के पूर्व सीएम और कांग्रेस के सीनियर लीडर रहे अर्जुन सिंह की प्रतिमा का आज अनावरण होगा। भोपाल के व्यापमं चौराहे पर दो सालों से अनावरण का इंतजार कर रही पूर्व सीएम की प्रतिमा को लेकर बीजेपी के विधायक नारायण त्रिपाठी ने सरकार को अल्टीमेटम दे दिया था।

त्रिपाठी ने 4 मार्च को इस प्रतिमा के अनावरण का ऐलान किया था इसी बीच सरकार की ओर से 7 मार्च की तारीख तय कर दी गई। तीन साल की जद्दोजहद के बाद आज सीएम शिवराज सिंह चौहान खुद अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

बारिश ने बदला समय-

तय कार्यक्रम के मुताबिक पूर्व सीएम अर्जुन सिंह की प्रतिमा के अनावरण का कार्यक्रम मंगलवार सुबह 10 बजे तय किया गया था। लेकिन सोमवार को हुई तेज बारिश के चलते शाम 5 बजे प्रतिमा का अनावरण होगा। इस कार्यक्रम में अर्जुन सिंह के बेटे और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया मौजूद रहेंगे।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद नानके पेट्रोल पंप से हटाई गई थी प्रतिमा-

11 अक्टूबर 2019 में कमलनाथ सरकार के समय पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा नानके पेट्रोल पंप चौराहे पर स्थापित की गई थी। यहां पर पहले चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा लगी थी। इस प्रतिमा के लगने के बाद यह मामला हाईकोर्ट में चला गया। इसके बाद नगर निगम ने पूर्व सीएम की प्रतिमा को यहां से हटाकर व्यापमं चौराहे पर शिफ्ट कर दिया था। इस दौरान कांग्रेसियों ने आपत्ति भी जताई थी। जिस प्रतिमा को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। कांग्रेस नेता कई बार अर्जुन सिंह की प्रतिमा के अनावरण की मांग कर चुके थे।

नहीं रहे पत्रकारिता जगत के “भीष्म पितामह” पुष्पेंद्र पाल सिंह, हार्ट अटैक से निधन

अर्जुन सिंह की प्रतिमा को लेकर कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बयान-

पिछले साल पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की जन्म जयंती पर पीसीसी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे कमलेश्वर पटेल ने भोपाल में कई सालों से लगी पूर्व सीएम अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण नहीं होने पर सरकार को धमकी देते हुए नाराजगी जाहिर की थी।

कमलेश्वर पटेल ने कहा- स्वर्गीय अर्जुन सिंह की प्रतिमा का जो लोग अनावरण नहीं करने दे रहे हैं, वो ये जान लें कि कल इनकी फोटो भी ऐसे ही ढंकी रहेगी। दाऊ साहब मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री रहे, भारत के मानव संसाधन मंत्री, राज्यपाल से लेकर कई अहम पदों पर रहे। वे देश की धरोहर हैं, किसी दल विशेष की बात नहीं है। भाजपा सरकार के नेताओं को यह सोचने की जरूरत है।

यहां कई ऐसे लोगों की प्रतिमाएं लग गई हैं, जिनका देश को आगे ले जाने में एक प्रतिशत रोल नहीं रहा। आरएसएस के कई लोगों की मूर्तियां लगा दी गईं, भवन बना दिए गए। सरकार बदलने के बाद ये सब बदला जा सकता है। सरकार में बैठे मंत्रियों, नेताओं को इस बात को सोचना चाहिए, जितनी जल्दी हो सके सरकार को उनकी मूर्ति का अनावरण करना चाहिए।