mp congress : भाजपा सरकार की विफलताओं को लेकर राजधानी भोपाल में आज कांग्रेस का हल्ला बोल व राजभवन घेराव कार्यक्रम हुआ। शहर के जवाहर चौक में जुटे कार्यकर्ता व समर्थकों ने राजभवन कूच के लिए रंगमहल चौराहे पर लगाए गए बैरिकेट तोड़कर आगे बढ़े तो पुलिस ने वॉटर केनन की बौछार से उन्हें रोकने का प्रयास किया।
इससे पहले पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और उनके नेतृत्व में कार्यकर्ता व नेता राजभवन घेराव के लिए यहां से आगे बढ़े। इस दौरान पुलिस ने विधायक जीतू पटवारी समेत 50 से ज्यादा कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वॉटर कैनन की तेज बौछार से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खदेड़ा गया।

 

इस दौरान कुछ कांग्रेस नेताओं के घायल होने की भी खबर है। भिंड युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ. राजकुमार के हाथ में चोट आई है। पुलिस ने कुछ कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी भी की है।

कमलनाथ भी कार से हुए रवाना

पुलिस ने विधायक जीतू पटवारी, कुणाल चौधरी समेत 50 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्यकर्ताओं को 3 बसों में भरकर प्रदर्शन स्थल से लेकर रवाना हुई। डीसीपी सांई कृष्ण थोटा ने बताया, प्रदर्शन में 5 हजार की भीड़ थी। गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस नेता पीछे हटना शुरू हो गए। इस बीच कमलनाथ भी कार से रवाना हो गए।

सबसे बड़ी परीक्षा अगले 6 महीने में

जवाहर चौक से पैदल मार्च शुरू होने से पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि, सबसे बड़ी परीक्षा अगले 6 महीने में आपकी निष्ठा की है। विश्वास है कि अगर जिस निष्ठा से आपने कांग्रेस का झंडा 18 साल उठाया है, आप अपनी कमर कस लें तो कोई नहीं रोक सकता। यह कांग्रेस की नहीं, मध्यप्रदेश के भविष्य की बात है। उन्होंने अगले चुनाव में कांग्रेस की सरकार के लिए सबसे अभी से जुट जाने के लिए आव्हान किया।

झलकियां

  • कार्यकर्ता पैदल ही आगे बढ़े, जबकि कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह और दूसरे बड़े नेता ट्रक पर सवार थे।
  • भिंड युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ. राजकुमार के हाथ में चोट आई है। सतना से आया एक कार्यकर्ता बेहोश हो गया। उसे रेनबो हॉस्पिटल ले जाया गया।
  • पुलिस कार्यकर्ताओं को 3 बसों में भरकर प्रदर्शन स्थल से लेकर रवाना हुई। डीसीपी सांई कृष्ण थोटा ने बताया, प्रदर्शन में 5 हजार की भीड़ थी।
  • गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस नेता पीछे हटना शुरू हो गए। इस बीच कमलनाथ भी कार से रवाना हो गए।
  • राजभवन के लिए मार्च के दौरान निवाड़ी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह यादव ने एक टीवी पत्रकार को थप्पड़ मार दिया।
  • प्रदर्शन में दिग्विजय सिंह, विवेक तन्खा शामिल नहीं हुए। वे दिल्ली में हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैठक बुलाई है।