भोपाल। मध्य प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस कमर कसती हुई नजर आ रही है। कांग्रेस आज 13 मार्च को भोपाल में बड़ा शक्ति प्रदर्शन कर रही है। पीसीसी चीफ कमलनाथ के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ बड़ी संख्या कांग्रेस कार्यकर्ता आज राजभवन का घेराव करेंगे।

जवाहर चौक पर एकत्रित हुए कांग्रेसजन

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि 13 मार्च की दोपहर 12 बजे बड़ी संख्या में प्रदेश भर के वरिष्ठ नेता, विधायक और कांग्रेसजन भोपाल के जवाहर चौक पर एकत्रित होंगे। इसके बाद वे पीसीसी चीफ कमलनाथ के नेतृत्व में पैदल मार्च करते हुए राजभवन के घेराव के लिए निकलेंगे। इसमें सभी जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और सभी जिला/शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को शामिल होने का निर्देश दिया गया है।

देश में आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है

राजीव सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि, “केंद्र की भाजपा सरकार ने उद्योगपति गौतम अडाणी के लिए क्रोनी कैपिटलिज्म की नीति अपनाई, जिससे देश में आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। गरीब और मध्यम वर्ग की बचत जोखिम में है। देश में बेहताशा बढ़ती हुई महंगाई, प्रदेश में व्याप्त बेरोजगारी, तनावग्रस्त किसान, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग और महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, रेप, गैंगरेप और उसके बाद उनकी निर्मम हत्याओं, ध्वस्त कानून व्यवस्था, लूट, डकैती सहित भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण आमजन परेशान हैं। इसके विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर यह घेराव और विशाल मार्च आयोजित किया जा रहा है।”

Mp board exam: बोर्ड पैटर्न पर 5वीं 8वीं की परीक्षाएं

दरअसल, एआईसीसी की ओर से सभी राज्यों को पर्दाफाश रैली के तहत 13 मार्च को राजभवन मार्च करने का निर्देश दिया गया है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पीसीसी चीफ कमलनाथ ने सभी विधायकों, जिलाध्यक्षों, ब्लॉक और मंडल अध्यक्षों को भी भोपाल आने का निर्देश दिया है। यह प्रदर्शन मुख्य रूप से केंद्र सरकार की नीतियों और अडानी गेट कांड को लेकर आयोजित किया जाना है। हालांकि, राज्य में विधानसभा चुनाव होने के कारण यहां कांग्रेस स्थानीय मुद्दों पर फोकस कर रही है।

यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया

राजभवन मार्च के कारण यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस के अनुसार भदभदा चैराहा, भारत माता चैराहा से जवाहर चौक होकर रौशनपुरा की ओर आवागमन करने वाले वाहन चालक नेहरू नगर, मैनिट चैराहा, माता मंदिर, पी.एन.टी. चैराहा, टी.टी. क्रॉस होकर अपने गन्तव्य की ओर जा सकेंगे। वहीं जहांगीराबाद, पाॅलिटेक्निक चौराहा, वीआईपी रोड की ओर आवागमन करने वाले वाहन चालक भारत माता चौराहा, स्मार्ट रोड होकर अपने गन्तव्य की ओर जा सकेंगे।