MP NEWS : मध्यप्रदेश के भिंड जिले में एक शादी वाले घर में रस्म अदायगी के बीच सिलेंडर फटने से एक साथ पांच महिलाओं की मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया है। घटना झकझोर देने वाली है। शादी की खुशियों के बीच सिलेंडर में हुए एक धमाके से परिजनों की खुशियां जिंदगी भर के लिए गमगीन हो गई। घटना में घायल दूल्हे की मां, दो सगी बहनें, चाची और भाभी की इलाज के दौरान मौत हो गई।

भिंड के कचनाव कला गांव में हुई यह दुखद घटना

यह दुखद घटना भिंड जिले के कचनाव कला गांव में हुई है। दरसअल, भिंड जिले के गोरमी इलाके के कचनाव कला गांव के रहने वाले रिंकू यादव की बारात जानी थी। इसकी तैयारियां और शादी की रस्में निभाई जा रहीं थीं। परिवार के अलावा रिश्तेदार और गांव के लोग रिंकू के घर पर मौजूद थे। लोगों के लिए खाना बन रहा था।

इस दौरान छोटे गैस सिलेंडर का खाना बनाने के लिए उपयोग किया जा रहा था, अचानक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। घटना में रिंकू यादव की मां जलदेवी, भाभी नीरू, चाची पिंकी, दो शादीशुदा बहने अनीता और सुनीता सहित 12 लोग गंभीर घायल हो गए थे।

ग्वालियर और दिल्ली किया गया था रेफर

घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया था। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया था, गंभीर हालत होने के कारण 8 लोगों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया था, लेकिन रिंकू यादव की मां, भाभी, पिंकी और दोनों बहनों की स्थिति नाजुक होने के चलते उन्हें दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया था, जहां पांचों महिलाओं का एम्स में इलाज चल रहा था।

पांचों की मौत, हुआ अंतिम संस्कार

इलाज के दौरान पांचों महिलाओं की मौत हो गई। जैसे ही यह खबर परिवार को लोग लगी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बुधवार को सभी के शव गांव लाए गए थे। रिंकू के घर के बाहर पांच अर्थियां देख हर किसी की रूह कांप गई। परिवार, रिश्तेदार सहित जिसने भी यह हृदयविदारक दृश्य देखा वह अपने आंसू नहीं रोक सका। इसके बाद शवों का अंतिम संस्कार किया गया।

संस्कार का सबसे बड़ा इंस्टिट्यूट परिवार, इसे जोड़े रखना है : VD Sharma

राजस्थान में हुई थी 35 की मौत

गौरतलब है कि, ऐसा ही मामला राजस्थान में भी घटित हुआ था। यहां जोधपुर जिले के शेरगढ़ संभाग के भुंगरा गांव में 8 दिसंबर को सिलेंडर फटने से आग लग गई थी। शादी की तैयारियों के बीच घर में चाय बनाते समय सिलेंडर फट गया था। हादसे में करीब 50 लोग घायल हो गये थे। घायलों को इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया, इस घटना में घायल हुए 35 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना में भी दूल्हे के कई रिश्तेदारों ने दम तोड़ दिया था। बाद में राजस्थान सरकार ने गैस सिलेंडर त्रासदी के मृतकों के आश्रितों को 17 लाख रुपए, घायलों को 5 लाख रुपए समेत मृतक के आश्रित सदस्य को संविदा पर नौकरी देने की मांगों पर सहमति जताई थी।