राजधानी भोपाल में रोशनी का पर्व दीपावली का त्योहार बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। त्योहार के अवसर पर सारे शहर में शांति व्यवस्था बनी रही, लेकिन इस दौरान हुई आतिशबाजी के चलते शहर में कई जगहों पर आग लगने की घटनाएं हुईं। फतेहगढ़ स्थित फायर कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम 6 बजे से लेकर शुक्रवार की सुबह 5 बजे तक आग लगने की 17 घटनाएं दर्ज की गईं। अलग अलग घटनाओं में दुकानों, मकान और वाहनों में आग लगने की घटनाओं की जानकारी सामने आती रही।

सारी रात होती रही आतिशबाजी :
दीपावली पर होने वाले प्रदूषण को देखते हुए प्रशासन ने रात 8 बजे से 10 बजे के बीच ही आतिशबाजी की छूट दी थी, लेकिन शाम 6 बजे से ही आतिशबाजी शुरू हो गई जो सारी रात जारी रही। इसके अलावा प्रशासन ने व्यापारियों को ग्रीन पटाखे बेचने की अनुमति दी थी, लेकिन सारे प्रतिबंधों के बावजूद जमकर बारूद वाले पटाखों का व्यापार हुआ। इन्हीं पटाखों के कारण जगह जगह आगजनी की घटनाएं हुईं।

लापरवाही से इन जगहों पर लगी आग
1. इमामबाड़ा में फूड गोदाम में आतिशबाजी के कारण भीषण आग लगी।
2. रोशनपुरा चौराहे पर आतिशबाजी कर रहे युवकों की गलती से पेड़ जल गया।
3. शाहजहांनाबाद स्थित इस्लामी गेट के पास खड़ी एक जीप आतिशबाजी के कारण जल गई।
4. वाजपेयी नगर स्थित एक फ्लैट में पटाखों के कारण आग लगने से घर का सामान जल गया।
5. साकेत नगर स्थित एक घर में रखे सिलेंडर में आग लग गई।
6.  बैरागढ़ में दो दुकानों में आग लग गई।
7. करोंद मंडी के अंदर 1 दुकान में आग लगने से हजारों का सामान खाक हो गया।