Bhopal News : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने जन्मदिन 5 मार्च को ‘लाड़ली बहना योजना’ का शुभारंभ करेंगे। इस दिन सभी 413 नगरीय निकायों में “शिव वाटिका” बनाई जाएंगी। शिव वाटिका में 23 हजार 360 पौधे लगाए जाएंगे। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने यह जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री चौहान के जन्म के 64 वर्ष (23 हजार 360 दिन) 5 मार्च को पूरे होंगे। इसी उपलक्ष्य में 23 हजार 360 पौधे लगाने का निर्णय लिया गया है। पौध-रोपण सुबह 8 बजे से सभी नगरीय निकायों में होगा।

समय सीमा में पूरी करें तैयारियां

मंत्री सिंह ने प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास नीरज मंडलोई को 5 मार्च को होने वाले पौध-रोपण की सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा भी की। इस दौरान आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास भरत यादव और आयुक्त नगरपालिक निगम भोपाल के.व्ही.एस. चौधरी उपस्थित थे। नगरीय विकास मंत्री सिंह ने कहा कि शिव वाटिका में महिलाओं द्वारा प्राथमिकता से पौध-रोपण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण-संरक्षण और संवर्धन के लिए हर क्षण समर्पित हमारे मुख्यमंत्री के लिए पौध-रोपण जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार है। पौध-रोपण की तैयारी 3 मार्च से शुरू हो जाएगी। स्थानीय प्रजाति के पौधों को प्राथमिकता से लगाया जाएगा।

चुभ गए जीतू के शेर, घड़ियाल, तोते, छिपकली… सत्र से किए गए निलंबित

कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्ध नागरिक, जन-प्रतिनिधि, महिला स्वयंसेवी संगठन, प्रबुद्ध महिलाएं, महिला पार्षद आदि की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।