Indore News : इंदौर वासियों को जल्द ही सबसे महंगे डबल डेकर फ्लॉय ओवर की सौगात मिलने वाली है।इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा ऐसे तो 11 फ्लायओवर निर्मित करवाए जाएंगे, मगर इनमें से लगभग आधा दर्जन फ्लायओवरों का निर्माण विधानसभा चुनाव से पहले शुरू करवाने का लक्ष्य रखा गया है। फूटी कोठी चौराहा पर बनने वाले फ्लायओवर पर 55 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। 625 मीटर लम्बा और ओवरब्रिज में हल्का सा कर्व भी रहेगा। इसके बाद प्राधिकरण लवकुश चौराहा पर बनने वाले डबल डेकर ओवरब्रिज का भी भूमिपूजन मुख्यमंत्री के हाथों जल्द करवाएगा। यह इंदौर का सबसे महंगा ओवरब्रिज रहेगा, जिसके लिए प्राधिकरण ने टेंडर भी बुलवा लिए हैं।
प्राधिकरण अध्यक्ष जयपालसिंह चावड़ा के मुताबिक फ्लायओवर की टेंडर सहित अन्य प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी है और 18 महीने इसकी निर्माण अवधि रखी गई है। ब्रिज में 11-11 मीटर चौड़ाई के दो स्पान रहेंगे और रोजाना इस क्षेत्र से गुजरने वाले एक लाख से अधिक लोगों को इस ओवरब्रिज के बन जाने से सुगम यातायात का लाभ मिलेगा।
चावड़ा का कहना है कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप लवकुश चौराहा पर भी डबल डेकर फ्लायओवर निर्मित करवाया जाएगा, जिसके लिए पिछले दिनों टेंडर बुला लिए हैं, जिसमें अनुमानित लागत 140 करोड़ रुपए आंकी गई है और यह इंदौर का सबसे महंगा और महत्वपूर्ण फ्लायओवर रहेगा। इससे एमआर-10 से सुपर कॉरिडोर, बाणगंगा से उज्जैन रोड के बीच 2 लाख से अधिक वाहनों की आवाजाही सुगम हो सकेगी।
यह इंदौर शहर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का सबसे विशाल अनूठा डबल डेकर ओवरब्रिज रहेगा। इसके साथ ही प्राधिकरण ने पिछले दिनों 200 करोड़ से अधिक के अन्य फ्लायओवरों को भी मंजूरी दी है। इन फ्लायओवरों से इंदौर के यातायात को गति मिलेगी।